MP News: मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर से कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है।
MP News: मध्य प्रदेश कांग्रेस इन दिनों सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के बाद से पार्टी में अंदरूनी घमासान मचा हुआ है। इसी बीच भाजपा ने रायसेन जिले में कांग्रेस को बड़ा झटका दे दिया है। कांग्रेस के लगभग 280 नेताओं ने पार्टी का दामन छोड़ दिया है।
दरअसल, रायसेन जिले के उदयपुरा विधानसभा के कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इसमें कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेश उपाध्याय समेत 280 लोग शामिल हुए हैं। कांग्रेस के साथ बसपा और दूसरे राजनीतिक दलों के लोगों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। सभी ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, महामंत्री हितानंद शर्मा, मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल की सदस्यता ली।
बता दें कि, उदयपुरा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का गृह क्षेत्र है। बीते दिनों कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत 16 अगस्त को जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की सूची जारी की थी, लेकिन पार्टी के फैसले से नाराज कई जिलों में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिए थे। साथ ही पार्टी आलाकमान पर गुटबाजी और पक्षपात करने के गंभीर आरोप लगाए थे।