राजगढ़

18.67 करोड़ के सिटी पोर्शन रोड का भूमि पूजन, 14 मीटर में होगा सड़क का विस्तार

नगर के सौंदर्यीकरण और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में मंगलवार को क्षेत्र को एक बड़ी सौगात मिली। 18.67 करोड़ की लागत से बनने वाले सिटी पोर्शन रोड का विधिवत भूमि पूजन किया गया।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:19 PM IST
Jirapur News

जीरापुर. सड़क निर्माण को लेकर जहां नगरवासियों में विकास को लेकर उत्साह है, वहीं सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई और संभावित अतिक्रमण को लेकर दुकानदारों और रहवासियों के बीच चिंता भी देखी जा रही है। भूमि पूजन समारोह में सांसद रोडमल नागर, विधायक हजारीलाल दांगी, नगर पालिका अध्यक्ष अनुसूईया पवन कुशवाह, उपाध्यक्ष हेमंत जोशी सहित लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, ठेकेदार, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विधायक दांगी ने नागरिकों से निर्माण कार्य में सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि सिटी पोर्शन रोड आमजन की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। सासंद नागर ने कहा कि क्षेत्र में निरंतर विकास और निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य नगर को सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप देना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सिटी पोर्शन रोड भी इसी विकास श्रृंखला का अहम हिस्सा है। उन्होंने भी नागरिकों से कार्य में सहयोग देने की अपील की। कार्यक्रम में नगर परिषद कर्मी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ठेकेदार और नगरवासी मौजूद रहे।

14 मीटर चौड़ाई में विकसित होगी सड़क-

पीडब्ल्यूडी एसडीओ हर्षित चौधरी ने बताया कि सिटी पोर्शन रोड का आशय नई सड़क के लिए व्यापक स्तर पर जमीन अधिग्रहण करना नहीं, बल्कि मौजूदा पुराने डामर रोड को एडजस्ट करते हुए चौड़ा करना है। उन्होंने बताया कि सड़क के मध्य बिंदु से दोनों ओर 7-7 मीटर यानी कुल 14 मीटर चौड़ाई में मार्ग का विकास किया जाएगा। इस परियोजना के तहत डिवाइडर निर्माण, स्ट्रीट लाइट शिफ्टिंग सहित अन्य आवश्यक कार्य शामिल हैं। यह सड़क काछीखेड़ी बायपास से माचलपुर रोड बायपास तक चौड़ी की जाएगी।

अतिक्रमण हटने की आशंका से दुकानदारों में बेचैनी-

सिटी पोर्शन रोड के भूमि पूजन के बाद मार्ग के दोनों किनारों पर बसे रहवासियों और व्यापारियों में अपने प्रतिष्ठानों और निर्माण को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई व्यापारियों ने संभावित कार्रवाई की आशंका के चलते किराए की दुकानें खाली कर अन्य स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था तलाशना शुरू कर दिया है। हालांकि, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के स्पष्टीकरण के बाद लोगों को कुछ हद तक राहत मिली है कि कार्य निर्धारित 14 मीटर के दायरे में पुराने मार्ग को समायोजित करते हुए किया जाएगा।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:19 PM IST
Published on: