राजगढ़

‘मेरी मंत्री प्रहलाद पटेल से सेटिंग है, काम करवा दूंगा’, राजगढ़ में शिकायत दर्ज

Fraud Case: सड़क बनाने और अन्य काम दिलाने के नाम पर जनपद अध्यक्ष पति से ठगी, भोपाल के व्यक्ति पर धोखाधड़ी का केस दर्ज।
2 min read
• •
Oct 14, 2026
Rajgarh Fraud Case
janpad president husband cheated 7 lakh 20 thousand, आरोपी शांतिलाल मीणा और फरियादी सुनील नैनावत की तस्वीरें (Source-Patrika)

Rajgarh Fraud Case: 'मेरी मंत्री प्रहलाद पटेल से पहचान है, भोपाल में कोई काम हो तो बताना, मैं करवा दूंगा, अपनी काफी ऊपर तक पहुंच है आप बस बताओ'…कुछ इसी तरह की बड़ी-बड़ी बातें करके मध्यप्रदेश के राजगढ़ जनपद अध्यक्ष सीमा नैनावत के पति सुनील नैनावत को भोपाल के शांतिलाल मीणा ने अपने जाल में फंसाया और 7 लाख 20 हजार रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी लंबे समय तक टालता रहा और न ही सड़क निर्माण का काम दिलाया और न ही रकम की, जिसके कारण अब जनपद अध्यक्ष के पति सुनील नैनावत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। खिलचीपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

शांतिलाल ने ऐसे जाल में फंसाया

सुनील नैनावत निवासी कछोटिया की शिकायत के अनुसार, शांतिलाल से उनकी मुलाकात वर्ष-2024 में जनपद कार्यालय में हुई थी। इसके बाद खिलचीपुर में भी मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने भोपाल में अपनी पहचान और प्रभाव का हवाला देते हुए काम दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि इसी सिलसिले में उसने अलग-अलग किस्तों में राशि ली। उन्होंने कहा कि पहले जनपद में आया, भरोसा जीता, इसके बाद झांसे में लिया और कहा कि पंचायत विभाग से जुड़े सभी काम तुम्हारे करवा दूंगा। सुनील उसकी बातों में आ गया और करीब सात लाख 20 हजार रुपए से ठगा गया।

फोन-पे से भुगतान, एक लाख रुपए नकद देने का दावा

शिकायत में सुनील ने बताया कि कुल 7.20 लाख रुपए में से एक लाख रुपए नकद दिए, जबकि शेष राशि फोन-पे के माध्यम से अलग-अलग बार में भेजी। भुगतान लेने के बाद आरोपी काम कराने का आश्वासन देता रहा। जब काम नहीं मिला तो रकम वापस करने की बात कही, लेकिन शिकायतकर्ता के अनुसार राशि वापस नहीं की गई। मामले में खिलचीपुर पुलिस ने भोपाल निवासी शांतिलाल मीणा के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब शिकायत में बताए गए लेन-देन और आरोपों की जांच कर रही है। बताया जाता है कि पुलिस टीम भोपाल पहुंची है, जहां आरोपी की जल्द तलाश की जा रही है।

Updated on:
14 Oct 2026 06:30 pm
Published on:
14 Oct 2026 06:26 pm