राजगढ़

एमपी में 5 ग्राम सोने की बालियों के लिए 21 साल के युवक की हत्या, 8 दिन बाद मिला नरकंकाल

MP News: गमछा से गला घोंटने के बाद आरोपी ने मृतक के कानों से सोने की बालियां उतारीं और फिर उन्हें गिरवी रखकर 51 हजार का लोन लिया, इन पैसों से पत्नी व घरवालों को शॉपिंग कराई।
2 min read
May 08, 2026
rajgarh
youth murdered for 5 Gram gold earrings (मृतक गोलू वाल्मीकि की फाइल फोटो)

MP News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महज पांच ग्राम की सोने की बालियों के लालच में आरोपी ने युवक की गला घोंटकर हत्या की थी और उसके शव को जंगल में झाड़ियों के बीच छिपाकर फरार हो गया था। अब पुलिस ने 8 दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर जंगल से मृतक युवक का नरकंकाल बरामद किया है।

29 अप्रैल से था लापता

पुलिस के अनुसार गोलू (21) पिता रामप्रसाद वाल्मीकि निवासी मलावर 29 अप्रैल से लापता था। उस दिन वह बकरी चराने गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई थी जिसके बाद से उसकी तलाश की जा रही थी। शुरुआती जांच में पुलिस को कुछ लोगों पर संदेह हुआ, जिसके बाद कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाली गई। जांच के दौरान रघुवीर (25) पिता लालजीराम सौंधिया निवासी मलावर की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पूछताछ में वह लगातार बयान बदलता रहा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और हत्या करना स्वीकार कर लिया।

सोने की बालियां देखकर आया लालच

आरोपी रघुवीर ने बताया कि गोलू के कान की सोने की बालियों को देखकर उसे लालच आ गया था। वह बकरा खरीदने के बहाने गोलू के पास पहुंचा था। सुनसान जगह देखकर उसने पीछे से गमछा डालकर गला घोंट दिया और शव को झाड़ियों में छिपाकर लकड़ियों से ढंक दिया। सुनसान जगह होने से किसी को पता नहीं चला। अब पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जंगल से मृतक गोलू का नरकंकाल बन चुका शव बरामद किया है। पुलिस ने कंकाल सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टर की मौजूदगी में उसे भोपाल भेजा गया, जहां डीएनए टेस्ट के साथ ही आगे की कार्रवाई होगी।

सोने की बालियां गिरवी रख लिया 51 हजार का लोन

हत्या के बाद आरोपी मृतक की सोने की बालियां और मोबाइल लेकर सीधे ब्यावरा पहुंचा। उसने बालियां गिरवी रखकर 51 हजार रुपए का लोन लिया। आरोपी रघुवीर पेट्रोल पम्प पर पहले काम करता था। उसने पुलिस को बताया कि मेरे पास कई बार लाखों रुपए पम्प के होते थे, लेकिन इस वाकये में पता नहीं क्या हुआ कि पांच ग्राम सोने के लिए ही लालच आ गया। बताया गया है कि आरोपी की हाल ही में 20 अप्रैल को शादी हुई थी। जैसे ही वह यह वारदात करके घर लौटा तो पत्नी और परिजन को लेकर ब्यावरा गया और कहा कि चलो आप सभी को कपड़े दिलवाकर लाता हूं। तब तक किसी को भनक नहीं लगी कि वह किसी की हत्या करके आया है।

Published on:
08 May 2026 07:10 pm