राजगढ़

राजगढ़ के रामदेवजी मंदिर में चोरी, भगवान के मुकुट के साथ दानपत्र से रुपये और प्रसादी भी चुरा ले गए चोर

Ramdevji Temple: 300 ग्राम चांदी का मुकुट, आधा किलो चांदी के दो घोड़े सहित कलश, गरुड़जी और दीपक के साथ दो घी के डिब्बे और प्रसाद भी चुरा ले गए चोर।

2 min read
Jun 21, 2026
rajgarh chori
ramdevji temple theft silver crown donation box stolen, रामदेवजी मंदिर में चोरी (source-patrika)

Rajgarh Ramdevji Temple Theft: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में चोरी की वारदातें बढ़ने लगी हैं। जब से सोने, चांदी के भाव बढ़े हैं तब से इनकी चोरी ज्यादा होने लगी है। ऐसे में अब मंदिर भी महफूज नहीं हैं। चोर भगवान के मुकुट और उनके जेवर भी नहीं छोड़ रहे हैं। अब बेखौफ चोरों ने करनवास थाना क्षेत्र के देवलखड़ा में रामदेवजी मंदिर को अपना निशाना बनाया है। चोर मंदिर से भगवान का मुकुट, चांदी के घोड़े सहित कलश के साथ ही दानपेटी से करीब 20 हजार रुपये और दो घी के डिब्बे व प्रसादी भी चुरा ले गए हैं।

रामदेवजी मंदिर में चोरी

देवलखेड़ा के रामदेवजी मंदिर में 19 जून की रात चोरी की वारदात हुई। पुलिस ने जीवनसिंह पिता करणसिंह मेवाड़ा निवासी देवलखेड़ा की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला पंजीबद्ध किया है। उन्होंने बताया कि चोर चांदी का मुकुट चांदी (300 ग्राम), आठ तांबे के कलश, दो चांदी के घोड़े (250-250 ग्राम के), एक गंगा जली का लौठा, दो दीपक, गरुड़ज, दीपक के लिए रखा गया दो किलो घी के डब्बे, भोग के लिए रखी करीब आठ किलो प्रसाद और दान पात्र में करीब 8 से 10 किलो खुल्ले पैसे और नगदी सहित 20 हजार रुपए नगदी चुरा ले गए हैं।

पुलिस चोरों की तलाश में जुटी

पुलिस का कहना है कि मामले में चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों में कई मंदिरों में चोरी हुई है। जिसमें चोरों का फोकस सोने, चांदी के जेवर चुराने पर ही रहा है। यहां चोरों ने मंदिरों में सभी सामान चुरा लिए, कुछ छोड़ा ही नहीं। अब पुलिस जांच करने में जुटी है।

मंदिर से ढाई लाख की चोरी पुलिस ने 80 हजार ही लिखे

चोरी के मामलों में पुलिस राशि हमेशा से कम लिखती आई है, ताकि रिकवरी कम करना पड़े। इस मामले में भी यही हुआ। भगवान के मंदिर में हुई चोरी को भी पुलिस ने कम बताया। मंदिर में करीब ढाई लाख रुपए (एक लाख 80 हजार की चांदी, 10 हजार के कलश और, 20 हजार नगदी, 1000 का घी और 1000 की प्रसाद सहित अन्य और कुल ढाई लाख रुपए) का सामान चोरी हुआ है। लेकिन एफआइआर में पुलिस ने महज 80 हजार रुपए का कुल सामान चोरी होना बताया है। अमूमन सभी मामलों में पुलिस ऐसा ही करती है। जिसके तहत चोरी जाने वाले मशरूका की राशि कम लिखती है।

Published on:
21 Jun 2026 08:16 pm