
Chhattisgarh Congress News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। जिले के ग्राम पंचायत गातापार जंगल में आयोजित भाजपा के सदस्यता कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस से जुड़े 10 कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा नेताओं ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए इसे संगठन के लगातार बढ़ते जनाधार का संकेत बताया।
सदस्यता कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व केसीजी जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं को भाजपा का गमछा पहनाकर और तिलक लगाकर पार्टी में शामिल कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें संगठन की विचारधारा से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर कार्यकर्ता को समान सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। संगठन की कार्यशैली सामूहिक नेतृत्व और जनसेवा की भावना पर आधारित है, जिसके कारण भाजपा लगातार मजबूत होती जा रही है।
विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर रही है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं केसीजी जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएं और संगठन के कार्यों को परिवार की जिम्मेदारी मानकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएं।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य चम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. विशेसर साहू, टीके चंदेल, दिनेश वर्मा, गोरेलाल वर्मा, टोमेश साहू, संजय यदु, कमलेश भदौरिया, नरोत्तम सिन्हा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।