राजनंदगांव

बल्ले-बल्ले… छात्रवृत्ति परीक्षा में मोहला ब्लाक से ७२ छात्रों का हुआ चयन

छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित 761 छात्रों में 211 राजनांदगांव से, हर महीने मिलेंगे ५ हजार रूपए

2 min read
system
चयन... स्कॉलरशिप के लिए बच्चांं का चयन किया गया।

राजनांदगांव. जिले के 211 प्रतिभाशाली छात्रों को अब अगले चार सालों के लिए हर महीने पांच सौ रुपए स्कालरशिप मिलेगी। इन्होंने राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। पूरे प्रदेश में इस परीक्षा में 761 छात्र-छात्रा चयनित हुए हैं। इस तरह राजनांदगांव जिले के छात्र-छात्राओं की संख्या प्रदेश के चयनित छात्र-छात्राओं का 25 फीसदी है। सबसे सुखद नतीजे मोहला ब्लॉक से रहे हैं। यहां 72 छात्र-छात्रा इस परीक्षा में सफल हुए हैं जो प्रदेश भर के चयनित छात्रों की संख्या का दस फीसदी है। मोहला ब्लॉक में 100 प्रतिभाशाली बच्चों को चिन्हांकित कर इस परीक्षा के लिए प्रशिक्षित किया गया, इसमें 72 फीसदी छात्र सफल हुए हैं। कलक्टर भीम सिंह ने सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इन्हें बधाई दी है।

मोहला में 2 वर्षो से दिया जा रहा प्रशिक्षण
मोहला ब्लॉक में पिछले दो सालों से राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहाँ के सेवाभावी शिक्षक यहां छात्र-छात्राओं को इस परीक्षा के लिए प्रशिक्षण देते हैं। पिछले साल भी इस कोचिंग की शुरूआत हुई और यद्यपि थोड़े समय ही कोचिंग दी गई थी फिर भी 27 विद्यार्थी मोहला से चयनित हुए थे। पूरे जिले से इस परीक्षा में पिछले साल 94 विद्यार्थी चयनित हुए। नतीजों से उत्साहित होकर तत्कालीन एसडीएम प्रभात मलिक ने इस बार विशेष रूप से इसकी कोचिंग पर फोकस कराया। सेवाभावी शिक्षकों ने वीकेंड्स पर अपना समय दिया और छात्रों ने भरपूर कोचिंग की। इसका फायदा मिला और 72 छात्र सफल हुए। यहां एबीईओ राजेंद्र कुमार देवांगन ने बताया कि कोचिंग के साथ ही बच्चों को एक्सपोजर ट्रेनिंग भी दी गई। पिछली बार जब कलक्टर भीम सिंह मोहला आए और इन प्रतिभाशाली छात्रों से मिले तो इन्हें राजनांदगांव में कलेक्ट्रेट एवं अन्य महत्वपूर्ण जगहों को दिखाने के निर्देश दिए ताकि इनमें आगे बढऩे की ललक पैदा हो सके। बच्चों को एक्सपोजर विजिट का भी काफी लाभ मिला और वे तेजी से पढऩे में जुट गए।

सफल छात्रों को मिलेगी छात्रवृत्ति
उल्लेखनीय है कि प्रतिभाशाली बच्चों की पढ़ाई के राह में आर्थिक बाधा न हो, इसके लिए केंद्र शासन द्वारा यह स्कालरशिप दी जाती है। स्कालरशिप परीक्षा कक्षा आठवीं के पश्चात् एवं कक्षा दसवीं के पश्चात् होती है। परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों को हर महीने पांच सौ रुपए की छात्रवृत्ति वर्ष के दस महीने मिलती है।

प्रयास आवासीय विद्यालय में भी मोहला के बच्चों की धूम
प्रयास आवासीय विद्यालय के लिए हुई चयन परीक्षा में भी राजनांदगांव जिले और मोहला ब्लाक की धूम रही। विद्यालय के लिए चयनित किए गए 375 विद्यार्थियों में राजनांदगांव जिले के 95 विद्यार्थी हैं। इनमें भी मोहला ब्लाक के 34 विद्यार्थी चयनित हुए हैं।

Published on:
12 May 2018 11:29 am