जानकारी के अनुसार, डोंगरगढ़ में नवरात्र मेले के दौरान झूला लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था। शुरुआत में यह विवाद आपसी कहासुनी तक सीमित था, लेकिन गुरुवार रात मामला बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों के साथ चाकू से भी हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नवरात्र मेले के दौरान हुई इस घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि, विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और हिंसा में किसकी क्या भूमिका रही, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।