CG Accident: बरबसपुर स्थित साल्हेवारा बांध में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके साथ गया एक किशोर बाल-बाल बच गया…
CG Accident: खैरागढ़ जिला मुख्यालय के समीप ग्राम ईटार में सोमवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। बरबसपुर स्थित साल्हेवारा बांध में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके साथ गया एक किशोर बाल-बाल बच गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान तनिश डहारे (9 वर्ष) और समीर सोनवानी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं कुलेश्वर सोनवानी (13 वर्ष) इस हादसे में किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। तीनों बच्चे ग्राम ईटार निवासी बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर बच्चे बरबसपुर स्थित आटा चक्की में चावल पिसाने के लिए घर से निकले थे। काम खत्म करने के बाद भीषण गर्मी के चलते वे पास स्थित साल्हेवारा बांध की ओर चले गए और नहाने के लिए पानी में उतर गए।
बच्चों को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था। नहाते समय अचानक तनिश और समीर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद कुलेश्वर भी डूबने की कगार पर पहुंच गया, लेकिन किनारे पर उगी बेशरम की झाड़ियों में फंस जाने से उसकी जान बच गई। झाडय़िों का सहारा लेकर वह किसी तरह बाहर निकला और दौडक़र गांव पहुंचकर परिजनों व ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन तत्काल बांध पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इस बीच गातापार पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को जिला अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है। दो मासूमों की असमय मौत से ग्राम ईटार सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने अपील की है कि बच्चों को जलाशयों, तालाबों या बांध के पास अकेले न जाने दें, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।