CG Assembly Election 2023 : विधानसभा चुनाव की तिथि तय होने के बाद जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।
राजनांदगांव। CG Assembly Election 2023 : विधानसभा चुनाव की तिथि तय होने के बाद जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को राजनांदगांव विधानसभा से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं की गई है। सूची जारी होने के पहले शनिवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पार्रीनाला के समीप स्थित पैलेस में संकल्प शिविर को संबोधित करेंगे।
शिविर की शुरुआत 1 बजे से हो जाएगी। मुख्यमंत्री बघेल दोपहर 3 बजे यहां पहुंचेंगे। कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में जीत दिलाने के लिए शपथ दिलाएंगे। माना जा रहा है कि इस शिविर के दूसरे दिन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होगी। कांग्रेस की सूची का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। विशेषकर राजनांदगांव सीट को लेकर उत्सुकता बनी हुई है कि कांग्रेस इस बार पैराशूट प्रत्याशी उतार रही है या फिर विधानसभा क्षेत्र से किसी पदाधिकारी को मैदान में उतारती है।
रोज कई अलग-अलग नाम सामने आ रहे हैं। टिकट के दावेदारों के दिल्ली में डेरा होने की खबर है। इधर भारतीय जनता पार्टी की ओर से १६ अक्टूबर को नामांकन रैली निकाली जाएगी। इस रैली और सभा में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होने वाले हैं। राजनांदगांव कलेक्टोरेट में भाजपा के चार विधानसभा के प्रत्याशी नामांकन दाखिल करेंगे।