राजनंदगांव

राजनांदगांव में 30 दिसंबर तक संभलकर निकलें! ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद, इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन

Khairagarh Traffic Update: शहर में रेलवे अंडरब्रिज निर्माण का काम तेज हो गया है। स्टेशनपारा अंडरब्रिज निर्माण के चलते 30 दिसंबर 2026 तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 10:54 AM IST
Railway Underbridge Construction
छत्तीसगढ़ के इस शहर में बदला ट्रैफिक रूट (Photo Source- Patrika)

Railway Underbridge Construction: शहर के रेलवे अंडरब्रिज निर्माण ने अब रफ्तार पकड़ ली है। दोनों अंडरब्रिज को मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे ने ट्रैक के नीचे लोहे के रेल कलस्टर तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए जरूरी सामग्री भी मौके पर पहुंच चुकी है। इस तकनीकी व्यवस्था के जरिए रेलवे ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेनों का भार मजबूत लोहे के सपोर्ट पर रहेगा। इससे अंडरब्रिज निर्माण के दौरान ट्रैक की सुरक्षा और संरचना की मजबूती सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। रेलवे का लक्ष्य मार्च 2027 के अंत तक दोनों अंडरब्रिज का काम पूरा करने का है।

Railway Underpass: तकनीकी सावधानियों पर जोर दिया जा रहा

निर्माण स्थल पर बेस तैयार करने, जमीन समतल करने और भारी सामग्री रखने के लिए जगह बनाने का काम जारी है। लोहे के सपोर्ट के नीचे आवश्यकतानुसार कांक्रीट की संरचना भी तैयार की जाएगी। रेलवे ट्रैक के नीचे होने वाले इस निर्माण में तकनीकी सावधानियों और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। काम पूरा होने के बाद शहरवासियों को रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम और आवागमन की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बदला रहेगा रास्ता

इधर, स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज (लेवल क्रॉसिंग नंबर 460) में बॉक्स पुशिंग का काम जारी है। इसके चलते 1 नवंबर से बदली गई यातायात व्यवस्था 30 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी। रेलवे ओवरब्रिज से दोपहिया वाहनों को छोडक़र अन्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्र की सडक़ों पर यातायात व भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। गांवों के रूटों में भारी वाहन दौड़ रहे हैं।

मोतीपुर अंडरब्रिज में आवाजाही बढ़ी

इधर शहर से खैरागढ़ जाने वाले छोटे चारपहिया वाहन अंबेडकर चौक, ममतानगर-मोतीपुर अंडरब्रिज, नया ढाबा और तिलई मार्ग को वैकल्पिक रूप से चुना गया है। खैरागढ़ से आने वाले वाहन देशमुख होटल चौक, नया ढाबा और मोतीपुर अंडरब्रिज होकर शहर पहुंच रहे हैं।

Traffic Updates: फिलहाल परेशानी, भविष्य में मिलेगी राहत

दोनों अंडरब्रिज तैयार होने से आवागमन सुगम होगा। हालांकि, निर्माण अवधि में वाहन चालकों को बदले मार्गों के कारण अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है। यातायात पुलिस ने निर्धारित मार्गों का पालन करने और अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की है।

ये है वैकल्पिक मार्ग, यहां से गुजरेंगे

खैरागढ़ ओवरब्रिज में भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंध के बाद दुर्ग से खैरागढ़ जाने वाले चारपहिया वाहनों को टेड़ेसरा, सोमनी, नवागांव, कलडबरी और तिलई होते हुए ठेलकाडीह मार्ग से गुजरना पड़ रहा। नागपुर से खैरागढ़ जाने वाले भारी वाहनों के लिए इंदामरा, सुकुलदैहान और ठेलकाडीह मार्ग निर्धारित किया गया है।

Updated on:
11 Nov 2026, 10:54 AM IST
Published on: