15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कोरबा को मिली 30.96 करोड़ की सौगात! वायसेप अंडरब्रिज से दूर होगी रेलवे फाटक की परेशानी

Sanjay Nagar Underbridge Construction: कोरबा के संजय नगर में 30.96 करोड़ रुपये की लागत से वायसेप अंडरब्रिज का निर्माण शुरू हो गया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोरबा

•

image

Laxmi Vishwakarma

•

Updated: 10 Oct 2026, 6:38 PM IST

Korba Vysep Underbridge

कोरबा के संजय नगर में बनेगा अंडरब्रिज (Photo Source- Patrika)

Korba Vysep Underbridge: शहर के संजय नगर रेलवे फाटक पर बार-बार लगने वाले जाम और लंबे इंतजार से लोगों को राहत दिलाने के लिए वायशेप अंडरब्रिज का निर्माण शुरू हो गया है। शनिवार को उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत ने की। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित कई जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

Underbridge Project: 15 साल से रेलवे फाटक की समस्या से परेशान थे लोग

संजय नगर रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से शहर के लोगों को पिछले करीब 15 वर्षों से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह फाटक रेलवे स्टेशन जाने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित है। ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने से लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता था। कई बार लोगों को दूसरे रास्तों से होकर जाना पड़ता था, जिससे समय और दूरी दोनों बढ़ जाते थे।

इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अंडरब्रिज बनाने की योजना तैयार की गई। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से इस परियोजना के लिए 30 करोड़ 96 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराई गई।

कोतवाली क्षेत्र और रेलवे स्टेशन तक पहुंचना होगा आसान

निर्माण पूरा होने के बाद अंडरब्रिज के जरिए एक ओर कोतवाली क्षेत्र और दूसरी ओर रेलवे स्टेशन की तरफ आवागमन आसान होगा। इससे रेलवे फाटक बंद होने पर लोगों को रुकने या लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाने की जरूरत कम होगी। परियोजना से स्थानीय लोगों के साथ-साथ व्यापारियों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि जिला खनिज न्यास मद से कोरबा शहर और जिले में कई बड़े प्रोजेक्ट के साथ छोटे विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अंडरब्रिज निर्माण की परियोजना के दायरे में आने वाली सरकारी जमीन पर बने मकानों के मालिकों को क्षतिपूर्ति राशि दी गई है। निर्माण कार्य करीब एक से सवा साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

455 मीटर लंबा होगा अंडरब्रिज

योजना के अनुसार संजय नगर वायशेप अंडरब्रिज की कुल लंबाई 455 मीटर होगी। इसके मुख्य बॉक्स की लंबाई 28.80 मीटर और ऊंचाई 4.50 मीटर निर्धारित की गई है। पुल की चौड़ाई 8.50 मीटर होगी, जबकि वाहनों के चलने के लिए कैरेजवे की चौड़ाई 7.50 मीटर रहेगी। अंडरब्रिज में यू-टाइप रिटर्न की कुल लंबाई 426.20 मीटर होगी। इसके अलग-अलग हिस्सों में सोनालिया ज्वेलर्स की ओर 175.60 मीटर, रेलवे स्टेशन की तरफ 125.60 मीटर और पुरानी बस्ती की ओर 125 मीटर का हिस्सा शामिल है।

महापौर और भाजपा जिला अध्यक्ष ने बताई जरूरत

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि वह संजय नगर वार्ड से पार्षद रह चुकी हैं और इस क्षेत्र के लोगों को रेलवे फाटक बंद होने के कारण होने वाली परेशानी से परिचित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंडरब्रिज बनने से आवागमन आसान होगा और इस मार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में भी मदद मिलेगी। भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि पुराने शहर की बड़ी आबादी लंबे समय से रेलवे फाटक की समस्या से जूझ रही थी। फाटक बंद होने पर लोगों को इंतजार करना पड़ता था या पुराने बस स्टैंड, दर्री रोड और नहर मार्ग की ओर से घूमकर जाना पड़ता था। अंडरब्रिज बनने से लोगों को इस परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Korba News: जल्द बनेगा सुनालिया पुल से राताखार तक नया मार्ग

उद्योग मंत्री ने यह भी बताया कि सुनालिया पुल से राताखार की ओर नहर के किनारे एक नया मार्ग और पुल बनाने की तैयारी की जा रही है। इस परियोजना पर करीब 22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए जरूरी तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, रायपुर संभाग के सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य तय समय में पूरा होगा और संजय नगर रेलवे फाटक से जुड़ी पुरानी समस्या का समाधान हो सकेगा।