23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Korba / Chhattisgarh Train Cancelled: कोरबा के यात्रियों को झटका! दिसंबर में 12 ट्रेनें रद्द, जानें तारीखें

Chhattisgarh Train Cancelled: कोरबा के यात्रियों को झटका! दिसंबर में 12 ट्रेनें रद्द, जानें तारीखें

Chhattisgarh Train News: बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन के काम के चलते कोरबा की कई यात्री ट्रेनें 6 से 18 दिसंबर तक रद्द रहेंगी। वहीं, कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट और समय में भी बदलाव किया गया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोरबा

•

image

Shradha Jaiswal

•

Updated: 23 Nov 2026, 5:22 PM IST

Chhattisgarh Train Cancelled

Chhattisgarh Train Cancelled: कोरबा के यात्रियों को झटका!(photo-patrika)

Chhattisgarh Train Cancelled: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रेल यात्रियों को दिसंबर में सफर के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) और चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते 6 से 18 दिसंबर तक कोरबा से रायपुर, बिलासपुर और अन्य शहरों के लिए चलने वाली कई यात्री ट्रेनें रद्द रहेंगी।

वहीं, कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर तक सीमित किया गया है। कई एक्सप्रेस ट्रेनें भी देरी से रवाना होंगी। शादी के सीजन में ट्रेनों के रद्द होने और समय में बदलाव से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन का समय और परिचालन संबंधी जानकारी जरूर देखनी होगी।

Korba Train Cancelled: लोकल और मेमू ट्रेनों का परिचालन रहेगा बंद

चौथी रेल लाइन के कार्य का सबसे ज्यादा असर लोकल और मेमू ट्रेनों से रोजाना बिलासपुर और रायपुर आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। रायपुर-कोरबा पैसेंजर ट्रेन 6 से 17 दिसंबर तक रद्द रहेगी, जबकि कोरबा-रायपुर पैसेंजर का परिचालन 7 से 18 दिसंबर तक बंद रहेगा।

इसी तरह रायपुर-गेवरारोड मेमू और गेवरारोड-रायपुर मेमू भी निर्धारित अवधि में रद्द रहेंगी। इसके अलावा बिलासपुर-गेवरारोड-बिलासपुर मेमू और बिलासपुर-कोरबा-बिलासपुर मेमू का परिचालन भी 7 से 18 दिसंबर तक नहीं होगा। इन ट्रेनों के बंद रहने से कोरबा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बिलासपुर तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है।

लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन बिलासपुर तक सीमित

चौथी रेल लाइन के काम के चलते कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बिलासपुर से रवाना होगी। वहीं, विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस बिलासपुर में ही समाप्त होगी। कोरबा-विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस का परिचालन भी बिलासपुर से किया जाएगा।

गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू भी 7 से 18 दिसंबर तक बिलासपुर में ही समाप्त होगी और वहीं से अपनी यात्रा शुरू करेगी। इसके अलावा गोंडवाना एक्सप्रेस के निर्धारित फेरों में 10, 12 और 14 दिसंबर को बिलासपुर-रायगढ़ के बीच परिचालन प्रभावित रहेगा।

आजाद हिंद और मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस भी चलेंगी देरी से

रेलवे ने कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया है। 10 से 14 दिसंबर तक आजाद हिंद एक्सप्रेस तीन घंटे और मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से रवाना होगी। वहीं, 11 से 15 दिसंबर तक जनशताब्दी और रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस दो-दो घंटे विलंब से चलेंगी। उत्कल एक्सप्रेस के दोनों दिशाओं के फेरों में सात से नौ घंटे तक की देरी होगी। इसके अलावा शालीमार, भुवनेश्वर-एलटीटी, पुरी-एलटीटी, हीराकुंड और कोरबा-इतवारी शिवनाथ एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव किया गया है।

हसदेव एक्सप्रेस से कोरबा-बिलासपुर के बीच मिलेगी राहत

ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए रेलवे ने हसदेव एक्सप्रेस के परिचालन में बदलाव किया है। 7 से 18 दिसंबर तक कोरबा-रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा-बिलासपुर-कोरबा के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा। इससे कोरबा और बिलासपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। हालांकि, रायपुर जाने वाले यात्रियों को बिलासपुर से आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेन या अन्य साधन का विकल्प तलाशना होगा।

चौथी रेल लाइन से बढ़ेगी रेल यातायात की क्षमता

रेलवे के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना पूरी होने से इस व्यस्त रेल कॉरिडोर की यातायात क्षमता बढ़ेगी। इसी परियोजना के तहत चांपा स्टेशन को चौथी लाइन से जोड़ने और ऑटो सिग्नलिंग का काम किया जा रहा है। हालांकि, निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।

बालपुर-रायगढ़ रूट पर पटरी बिछी, अब तक नहीं चली यात्री ट्रेन

कोरबा के रेल यात्रियों की परेशानी केवल ट्रेनों के रद्द होने तक सीमित नहीं है। शहर में रेलवे स्टेशन होने के बावजूद बड़े शहरों के लिए नियमित यात्री ट्रेन की सुविधा सीमित है। रायगढ़ रूट की ओर जाने के लिए यात्रियों को चांपा पहुंचना पड़ता है। बालपुर से सारागांव रेलवे स्टेशन तक रेल लाइन का विस्तार भी किया गया है, लेकिन इस मार्ग पर अब तक यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू नहीं हुआ है।

करीब दस साल पहले जब इस रेल लाइन पर पटरी बिछाई जा रही थी, तब लोगों को उम्मीद थी कि कोरबा से सक्ती और रायगढ़ का सफर आसान होगा। लेकिन यह लाइन मुख्य रूप से मालगाड़ियों के परिचालन के लिए इस्तेमाल होती रही।

गेवरा स्टेशन पर भी यात्री ट्रेनों की कमी

कोरबा से होकर गुजरने वाली यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बिलासपुर और रायपुर जैसे शहरों तक जाने के लिए ट्रेन का विकल्प सीमित होने के कारण लोगों को कई बार महंगी बस यात्रा करनी पड़ती है।

स्थानीय यात्रियों की शिकायत है कि मालगाड़ियों को प्राथमिकता देने के कारण गेवरा स्टेशन पर नियमित यात्री ट्रेनों की संख्या कम हो गई है। ऐसे में रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को कोरबा रेलवे स्टेशन तक पहुंचना पड़ता है। दिसंबर में प्रस्तावित रेल कार्य के चलते ट्रेनों के परिचालन में बदलाव से यात्रियों की यह परेशानी और बढ़ सकती है।