राजनंदगांव

देर रात बिना अनुमति महापौर घुसी बालिका गृह में, स्टॉफ को नोटिस …

नायब तहसीलदार और दो सहयोगियों के साथ पहुंची थी महापौर
2 min read
• •
Updated: 8 Mar 2020, 8:51 AM IST
Late night without permission Mayor enters the girl child, notices staff ...
देर रात बिना अनुमति महापौर घुसी बालिका गृह में, स्टॉफ को नोटिस ...

राजनांदगांव. शहर के ममता नगर में संचालित बालिका गृह में गुरुवार 5 मार्च को रात करीब 10.30 बजे महापौर हेमा देशमुख के बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी रेणु प्रकाश ने बालिका गृह की हाऊस मदर उषा चंदेल सहित महिला नगर सैनिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

ममता नगर में बालिका गृह का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 10.30 बजे महापौर हेमा देशमुख 2 अन्य महिलाओं के साथ बालिका गृह पहुंची और उन्होंने अंदर जाने की कोशिश की। महापौर के साथ नायब तहसीलदार राजू पटेल भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार बालिका गृह की हाऊस मदर चंदेल ने महापौर को नियमों का हवाला देकर भीतर जाने से मना किया लेकिन महापौर देशमुख अंदर प्रवेश करने अड़ी रहीं।

भीतर गईं, तस्वीरें भी ली

जानकारी के अनुसार बातचीत के लिए दरवाजा खोलने पर महापौर देशमुख अपने साथ मौजूद दो महिला सहयोगियों के साथ मना करने के बाद भी भीतर चली गईं और महापौर के साथ मौजूद महिलाओं ने बालिका गृह के भीतर शयनकक्षों में जाकर पड़ताल की और तस्वीरें भी खींची।

यह कहता है नियम

किशोर न्याय अधिनियम 2015 (जेजे एक्ट) के प्रावधानों के अनुसार बाल देखरेख संस्थाओं में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की अनुमति के बगैर कोई भी व्यक्ति प्रवेश नहीं कर सकता। नियम यह भी कहता है कि सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बाद भी शाम 5 बजे के बाद कोई भी व्यक्ति बाल देखरेख वाली संस्थाओं में प्रवेश नहीं कर सकता। शयनकक्षों तक पहुंचने और वहां की तस्वीरें खींचने की अनुमति भी नहीं है।

महापौर से नहीं हो पाई बात

इस पूरे मामले की जानकारी के लिए पत्रिका ने महापौर हेमा देशमुख के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिक की लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

जवाब मांगा गया है

जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग राजनांदगांव रेणु प्रकाश ने कहा कि महापौर के बिना अनुमति बालिका गृह में प्रवेश करने का मामला हुआ है। इस मामले में बालिका गृह की हाऊस मदर और महिला गार्ड नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

Updated on:
8 Mar 2020, 8:51 AM IST
Published on: