राजनंदगांव

शहर के साथ-साथ अब गर्मियों में गांवों की प्यास बुझाएगी शिवनाथ नदी, कैसे यहां पढ़ें

नल जल योजना के तहत राजनांदगांव ब्लाक के सोमनी व सुरगी क्षेत्र में शिवनाथ नदी से पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है।
2 min read
patrika

राजनांदगांव. शहर की प्यास बुझा रही शिवनाथ नदी अब गांवों की भी प्यास बुझाएगी। समूह नल जल योजना के तहत राजनांदगांव ब्लाक के सोमनी व सुरगी क्षेत्र में शिवनाथ नदी से पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। पीइचई से मिली जानकारी के अनुसार योजना पर काम जून तक पूरा कर लिया जाएगा और गांवों में शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाएगा।

योजना के तहत सोमनी और उसरीबोड़ में जल शुद्धिकरण संयंत्र लगाने का काम जारी है। वहीं सोमनी व उसरीबोड में टंकी का निर्माण कर आस-पास के गांवों तक पाइप लाइन का विस्तार किया जा रहा है। समूह नल जल योजना के अंतर्गत शिवनाथ नदी के आसपास ऐसे क्षेत्र जो ड्राई एरिया हैं इन गांवों में नदी से पाइप लाइन बिछाकर पानी पहुंचाया जाएगा।

योजना के तहत सोमनी समूह में 28 करोड़ 46 लाख की लागत से ईरा एनीकट से पाइप लाइन बिछाया जा रहा है। नदी का पानी सीधे सोमनी पहुंचेगा, जहां जल शुद्धिकरण संयंत्र में पानी फिल्टर होकर 24 गांव तक पहुंचेगा। योजना के तहत क्षेत्र के देवादा, सांकरा, सोमनी, ईरा, धीरी, टेड़ेसरा,ठाकुरटोला, खुटेरी, मनकी, तोरणकट्टा, सुंदरा, परमाकसा, कोपेडीह, ठेकवा, फरहद, ककरेल, बैगाटोला, नवागांव, मौहाभाठा, अचानक भाठापारा,इंदावनी, बिरेझर, फूलझर और मगरलोटा गांव में पानी पहुंचाया जाएगा।

ईई पीएचई विभाग जीएन रामटेके ने बताया कि समूह नल जल योजना के तहत सोमनी व सुरगी क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने व जल शुद्धिकरण संयंत्र लगाने का काम तेजी से चल रहा है। जून तक काम पूरा होने की संभावना है। योजना के तहत उसरीबोड क्षेत्र के गांवों में पानी पहुंचाने 20 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से काम चल रहा है।

मोहारा शिवनाथ नदी से पाइप लाइन बिछाकर उसरीबोड़ में शुद्धिकरण संयंत्र लगाया जा रहा है। यहां से क्षेत्र के धामनसरा, ढोढिया, भोथीपारखुर्द, उशरीबोड़, आलीखुटा, रानीतराई, महराजपुर, भोथीपारकला, सिंघोला, भंवरमरा, भोडिया, भर्रेगांव, मोखला, कुसमी, पार्रीखुर्द, आरला, बुचीभरदा, कोठराभाठा, सुरगी, कुम्हालोरी, मुड़पार, मलपुरी और बेलटिकरी में शुद्ध पानी पहुंचेगा।

Published on:
12 Apr 2018 12:12 pm