राजसमंद

34 हजार की रिश्वत लेते दो अभियंता गिरफ्तार, बिल भुगतान की एवज में मांगी थी घूस

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की राजसमंद टीम ने बुधवार को 34 हजार रुपए की रिश्वत लेते समग्र शिक्षा अभियान के कनिष्ठ अभियंता को रंगे हाथ गिरफ्तार किया
less than 1 minute read
Dec 19, 2018
acb

रेलमगरा/(राजसमंद)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की राजसमंद टीम ने बुधवार को 34 हजार रुपए की रिश्वत लेते समग्र शिक्षा अभियान के कनिष्ठ अभियंता को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि कमीशन का हिस्सा लेने पहुंचे सहायक अभियंता को भी धर दबोचा। रेलमगरा में विद्यालयों के निर्माण कार्यों के 17 लाख रुपए के बिल भुगतान की एवज में यह राशि ली गई थी।

एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत रेलमगरा क्षेत्र के प्रारंभिक व माध्यमिक विद्यालयों में हुए निर्माण कार्यों के 17 लाख रुपए के बिल भुगतान की एवज में ठेकेदार से 2 प्रतिशत कमीशन के 34 हजार रुपए की रिश्वत कनिष्ठ अभियंता शचीन्द्र कुमार पुत्र मनोहरलाल शर्मा ने मांगी। इस पर ठेकेदार ने 18 दिसम्बर को ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई।

इस पर एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया, इसमें रिश्वत मांगना पाया गया। ठेकेदार 34 हजार रुपए लेकर गिलूंड मार्ग पर पहुंचा, जहां समग्र शिक्षा अभियान के कनिष्ठ अभियंता शिवाजी पार्क (अलवर) हाल सदरी रोड चौराहा रेलमगरा निवासी शचीन्द्र कुमार पुत्र मनोहरलाल ने लेकर यह राशि जेब में रख ली।

इशारा पाते ही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निरीक्षक दामोदर सिंह मीणा ने मय दल के घेराबंदी कर कनिष्ठ अभियंता को पकड़कर हाथ धुलवाए, तो रंग उभर आया। उसी दौरान कमीशन का हिस्सा लेने पहुंचे समग्र शिक्षा अभियान के सहायक अभियंता वल्लभनगर (उदयपुर) हाल केशवनगर रोड, भूपालपुरा (उदयपुर) निवासी रमेश कुमार चोरडिय़ा पुत्र शांतिलाल चोरडिय़ा को भी एसीबी दल ने गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी दल कनिष्ठ अभियंता व सहायक अभियंता को लेकर रेलमगरा थाने पहुंची, जहां पूछताछ व तलाशी ली गई। कनिष्ठ अभियंता के आवास की भी तलाशी ली गई।

Published on:
19 Dec 2018 06:34 pm