23 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajsamand News: फार्म हाउस में चल रहा था जुए का खेल, 12 लोग गिरफ्तार, 1.52 लाख रुपए और 651 ताश के पत्ते जब्त

राजसमंद जिले में पुलिस ने एक फार्म हाउस पर चल रहे जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से 1.52 लाख रुपए नकद, 651 ताश के पत्ते और सात वाहन जब्त किए गए। मुखबिर की सूचना के बाद वारंट लेकर पहुंची पुलिस ने दबिश देकर पूरे गिरोह को पकड़ लिया।
2 min read
Google source verification
rajsamand news

Rajsamand: मौके से गिरफ्तार आरोपी (फोटो-पत्रिका)

राजसमंद। जिले में एक फार्म हाउस पर चल रहे जुए के बड़े अड्डे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दिवेर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। मौके से 1.52 लाख रुपए नकद, 651 ताश के पत्ते, तीन मोटरसाइकिल और चार कारें जब्त की गई हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और वृताधिकारी भीम राकेश कुमार की निगरानी में की गई। पुलिस के अनुसार दिवेर थाना प्रभारी सवाई सिंह टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान टोकरा गांव पहुंचने पर मुखबिर से सूचना मिली कि पन्नाधाय पैनोरमा के पास संदीप सैन उर्फ बंटी सैन के फार्म हाउस में 10 से 15 लोग रुपए दांव पर लगाकर ताश खेल रहे हैं।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तलाशी वारंट प्राप्त किया और फार्म हाउस पर दबिश दी। जैसे ही पुलिस टीम कमरे में पहुंची, वहां मौजूद लोग ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे थे। पुलिस को देखकर उन्होंने ताश के पत्ते बीच में फेंक दिए, लेकिन टीम ने सभी को मौके पर ही घेरकर पकड़ लिया।

नकदी, वाहन और ताश के पत्ते जब्त

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1,52,830 रुपए नकद, 651 ताश के पत्ते, 3 मोटरसाइकिल और 4 कारें जब्त कीं। पूछताछ में पता चला कि जिस फार्म हाउस पर जुआ खेला जा रहा था, वह आगरिया निवासी संदीप सैन उर्फ बंटी सैन का है।

कई गांवों के आरोपी शामिल

गिरफ्तार आरोपियों में आमेट, नाथद्वारा और टिक्कर क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने दिनेश मेवाड़ा, पंकज शर्मा, जसवंत शर्मा, कमलेश शर्मा, गणेश शर्मा, रमेशचंद्र शर्मा, जितेंद्र जोशी, अश्वीन, सोहनलाल, रामेश्वरलाल, प्रवीण कुमार जोशी और चंद्रेश शर्मा को जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है।

यह वीडियो भी देखें :

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। जुआ और सट्टे के अड्डों पर कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।