
विश्वराजसिंह मेवाड़ (विधायक नाथद्वारा), दीप्ति माहेश्वरी (विधायक राजसमंद) और हरिसिंह रावत (विधायक भीम-देवगढ़) (पत्रिका फोटो)
-मधुसूदन शर्मा
Rajsamand Panchayat Election 2026: राजसमंद: भाजपा का गढ़ माने जाने वाले राजसमंद जिले में जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने पार्टी के विधायकों और संगठन की सियासी रणनीति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार विधानसभा क्षेत्रों में बंटे जिला परिषद वार्डों के परिणामों पर नजर डालें तो कुंभलगढ़ को छोड़कर बाकी तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा। खास बात यह है कि चुनावी कमान स्थानीय विधायकों के हाथ में होने के बावजूद पार्टी अधिकांश क्षेत्रों में अपनी सीटें नहीं बचा पाई। कांग्रेस ने 29 में से 17 वार्डों पर जीत दर्ज कर भाजपा को 12 सीटों पर समेट दिया। चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया कि जिले में भाजपा के लिए सत्ता और संगठन का समीकरण उतना मजबूत नहीं रहा, जितना पार्टी के राजनीतिक दावों में नजर आता है। नाथद्वारा, भीम-देवगढ़ और राजसमंद विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया। वहीं, कुंभलगढ़-आमेट क्षेत्र में भाजपा ने पांच सीटें जीतकर अपनी साख बचाने में सफलता हासिल की। ऐसे में जिले में भाजपा की हार को महज सीटों का नुकसान मानना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि यह स्थानीय नेतृत्व, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और टिकट वितरण की रणनीति पर भी सवाल खड़े करता है।
चार विधानसभा क्षेत्रों के परिणामों का राजनीतिक विश्लेषण करें तो कुंभलगढ़ विधायक नरेंद्र सिंह राठौड़ के क्षेत्र में भाजपा ने सर्वाधिक पांच वार्ड जीतकर बेहतर प्रदर्शन किया। इसके उलट नाथद्वारा में विधायक विश्वराज सिंह, भीम में विधायक हरिसिंह रावत और राजसमंद में विधायक दीप्ति माहेश्वरी के क्षेत्र में कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा। राजनीतिक रूप से यह परिणाम इसलिए भी अहम है, क्योंकि चुनाव में स्थानीय विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर थी। विधायकों और उनके समर्थकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की, लेकिन नतीजे बताते हैं कि तीन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा मतदाताओं का भरोसा जीतने में सफल नहीं रही। अब इन परिणामों को विधायकों के स्थानीय प्रभाव और संगठन पर उनकी पकड़ के पैमाने के तौर पर भी देखा जा रहा है।
भाजपा के कमजोर प्रदर्शन के पीछे कई स्थानीय राजनीतिक कारणों की चर्चा है। इनमें विधायकों के प्रति जनता और कार्यकर्ताओं की कथित नाराजगी तथा टिकट वितरण में सही प्रत्याशियों का चयन नहीं होना प्रमुख माना जा रहा है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि कुछ वार्डों में स्थानीय समीकरणों और कार्यकर्ताओं की पसंद को नजरअंदाज कर प्रत्याशियों को मैदान में उतारा गया। यहां तक कि अपने लोगों को संतुष्ट करने के लिए ऐसे चेहरों पर दांव लगाया गया, जिनकी क्षेत्र में स्वीकार्यता को लेकर सवाल थे। इसका खामियाजा पार्टी को चुनाव परिणामों में भुगतना पड़ा। जिन वार्डों में भाजपा की स्थिति मजबूत मानी जा रही थी, वहां भी पार्टी को चुनौती मिली और कई जगह जीत हाथ से निकल गई। इसके अलावा यूजीसी का मुद्दा, महंगाई तथा सत्ता और संगठन के बीच तालमेल की कमी जैसे मुद्दों को भी भाजपा के कमजोर प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।
जिला परिषद चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण पहलू केवल सीटों का गणित नहीं, बल्कि दोनों प्रमुख दलों के बीच वोट शेयर का अंतर भी है। उपलब्ध वार्डवार आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस को 51.12 प्रतिशत और भाजपा को 48.88 प्रतिशत वोट मिले। इस तरह कांग्रेस ने भाजपा से 2.24 प्रतिशत अंक अधिक मत हासिल किए। दोनों दलों के बीच 9,543 मतों का अंतर रहा। यह अंतर भले ही बहुत बड़ा नहीं दिखाई देता, लेकिन राजनीतिक दृष्टि से इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कांग्रेस ने न केवल सीटों के मामले में भाजपा से बढ़त बनाई, बल्कि कुल मतों के आधार पर भी अपनी स्थिति मजबूत रखी। 17 सीटों के साथ कांग्रेस बहुमत के आंकड़े 15 से दो सीट आगे रही। ऐसे में जिला प्रमुख की कुर्सी पर कांग्रेस का दावा मजबूत माना जा रहा है। हालांकि, अंतिम फैसला चुनाव के बाद बनने वाले राजनीतिक समीकरणों और औपचारिक प्रक्रिया से ही तय होगा।
जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने भाजपा के सामने कई राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या स्थानीय विधायकों के प्रति नाराजगी ने पार्टी की संभावनाओं को कमजोर किया? क्या प्रत्याशियों के चयन में जमीनी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की राय को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया? क्या सत्ता और संगठन के बीच तालमेल की कमी चुनावी नतीजों में दिखाई दी? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में पार्टी की आंतरिक समीक्षा में तलाशे जाएंगे। फिलहाल चुनावी तस्वीर साफ है। कुंभलगढ़ को छोड़कर बाकी तीन विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ा है। 29 में से 17 सीटों और वोट शेयर में 2.24 प्रतिशत अंक की बढ़त के साथ कांग्रेस ने जिले की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। वहीं, भाजपा के लिए यह परिणाम केवल जिला परिषद की हार नहीं, बल्कि स्थानीय नेतृत्व और संगठनात्मक रणनीति की परीक्षा में मिले कमजोर नतीजे के रूप में देखा जा रहा है। जबकि इसके उलट वर्ष 2020 में भाजपा के 17 और कांग्रेस के आठ प्रत्याशी जीते थे।
वर्ष 2020 के जिला परिषद चुनाव में राजसमंद जिले में कुल 25 वार्ड थे। इस बार परिसीमन के बाद चार वार्ड बढ़ाए गए और कुल संख्या 29 हो गई। वार्डों की संख्या बढ़ने के बावजूद भाजपा जिले में अपना राजनीतिक दबदबा कायम नहीं रख सकी। कांग्रेस ने 17 और भाजपा ने 12 वार्डों में जीत दर्ज की। यह परिणाम भाजपा के लिए आत्ममंथन का विषय है कि आखिर किन स्थानीय कारणों से पार्टी को अपने ही मजबूत माने जाने वाले क्षेत्रों में पिछड़ना पड़ा।
नाथद्वारा: कुल आठ वार्डों में से कांग्रेस ने छह और भाजपा ने दो वार्डों पर जीत दर्ज की। यहां कांग्रेस ने स्पष्ट बढ़त बनाई।
भीम-देवगढ़: कुल सात वार्डों में कांग्रेस ने पांच और भाजपा ने दो वार्ड जीते। इस क्षेत्र में भी भाजपा कांग्रेस के मुकाबले काफी पीछे रही।
कुंभलगढ़-आमेट: सात वार्डों में भाजपा ने पांच और कांग्रेस ने दो वार्ड जीते। चारों विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा का यह सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा।
राजसमंद: कुल सात वार्डों में कांग्रेस ने चार और भाजपा ने तीन वार्डों पर जीत दर्ज की। यहां भी कांग्रेस ने भाजपा पर बढ़त बनाई।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
24 Nov 2026, 2:42 PM IST
Published on:
24 Nov 2026, 2:42 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026




