4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajsamand Accident: रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, एक की मौत, आठ घायल

राजसमंद में रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप चढ़ाई पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मध्य प्रदेश निवासी 55 वर्षीय गणपतलाल की मौत हो गई, जबकि आठ यात्री घायल हो गए। पिकअप में एक ही परिवार के करीब 45 महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे।
2 min read
Google source verification
ramdevra accident

Rajsamand: हादसे के बाद पलटी पिकअप (फोटो-पत्रिका)

राजसमंद। कुंभलगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप चढ़ाई पर अनियंत्रित होकर रिवर्स आ गई और सड़क पर पलट गई। हादसा कुंभलगढ़-परशुराम महादेव मार्ग पर होटल कुंभा बाग के पास हुआ। दुर्घटना में पिकअप के नीचे दबने से मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के जलालीया गांव निवासी गणपतलाल (55) पुत्र हीरालाल मेघवाल की मौत हो गई। वहीं, आठ यात्री घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही केलवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए केलवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। हालत को देखते हुए सभी आठ घायलों को बेहतर उपचार के लिए राजसमंद रेफर कर दिया गया।

एक ही परिवार के करीब 45 लोग निकले थे रामदेवरा

हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। घायलों को अस्पताल लाए जाने के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। कुंभलगढ़ हिंदू संघर्ष समिति के रजनीश शर्मा, अर्जुन सेन, शांतिलाल सोनी, ख्यालीलाल नागौरी और प्रकाश सेन सहित कई स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। वहीं मेघवाल समाज के पेमाराम और लक्ष्मण मेघवाल सहित समाज के अन्य लोग भी अस्पताल पहुंचे।

घायल सावित्रीबाई ने बताया कि पिकअप में सवार सभी लोग एक ही परिवार के हैं। परिवार के लोग सोमवार शाम मध्य प्रदेश के गांव से रामदेवरा दर्शन के लिए निकले थे। यात्रा के दौरान करीब 45 महिला, पुरुष और बच्चे पिकअप में सवार थे। अधिक यात्रियों को बैठाने के लिए वाहन में डबल पार्टीशन किया हुआ था।

कुंभलगढ़ के बाद जा रहे थे रामदेवरा

परिवार के लोग पहले कुंभलगढ़ घूमने पहुंचे और इसके बाद परशुराम महादेव के दर्शन किए। वहां से रामदेवरा जाते समय शुक्रवार दोपहर होटल कुंभा बाग के पास चढ़ाई पर पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर रिवर्स आने लगी। चालक वाहन को नियंत्रित कर पाता, इससे पहले ही पिकअप सड़क पर पलट गई।

यह वीडियो भी देखें :

ये लोग हुए घायल

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों में भंवरलाल, गोपाल, सूरजबाई, रामकन्या, कांताबाई, शुभम, जमुनाबाई और सावित्रीबाई शामिल हैं। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बड़ी खबरें

View All

राजसमंद

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग