राज्य सरकार के आदेश पर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की ओर से विद्यालयों को क्रमोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं। इसमें प्रदेश के 40 प्राथमिक विद्यालयों को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया है।
राजसमंद. राज्य सरकार के आदेश पर प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की ओर से विद्यालयों को क्रमोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं। इसमें प्रदेश के 40 प्राथमिक विद्यालयों को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में क्रमोन्नत किया है। जानकारी के अनुसार परिवर्तित बजट घोषणा वर्ष 2024-25 की पालना सरकार ने ये निर्णय किया है। इस संबंध में निदेशक निदेशालय की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। इन विद्यालयों को सत्र 2024-25 से शुरू किया जाएगा। प्रारंभिक शिक्षा के निदेशक सीताराम जाट ने प्रदेश के समस्त शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इसकी पालना करने के निर्देश दिए हैं।
निदेशालय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि क्रमोन्नत विद्यालय में पहले कक्षा 6 संचालित की जाएगी। जबकि पर्याप्त नामांकन होने के बाद ही कक्षा 7 व 8 का संचालन किया जा सकेगा। वित्त विभाग की मिली सहमति के अनुसरण में क्रमोन्नत किए जाने जाने वाले विद्यालयों में प्रति विद्यालय 02 अध्यापक एवं 1 वरिष्ठ अध्यापक के पदों की व्यवस्था विभाग में उपलब्ध रिजर्व पदों में से की जाएगी।
क्रमोन्नत किए विद्यालयों में कमरों का निर्माण समग्र शिक्षा अभियान, नाबार्ड, एमपीएलएडी अथवा जन सहयोग के माध्यम से कराया जाएगा। क्रमोन्नत विद्यालय में शिक्षण कार्य प्रारम्भ करने के लिए सम्बन्धित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अपने परिक्षेत्र के रा.प्रा.वि./रा.उ.प्रा.वि., जहां नामांकन की अपेक्षा कार्यरत शिक्षकों की संख्या अधिक है, उन विद्यालयों से अध्यापक लेवल-2 के 02 शिक्षक (नामांकन के आधार पर) लगाएंगे। इस संबंध में निदेशक ने आदेश भी क्रमोन्नति के साथ आदेश भी जारी कर दिए हैं।
अजमेर में एक, बांसवाड़ा में तीन, बारां में दो, बाड़मेर में तीन, भरतपुर में एक,बीकानेर में एक, बूंदी में एक, चित्तौड़गढ में एक, चूरू में एक, डीग में दो, धौलपुर में तीन, डीडवाना-कुचामन में एक, डूंगरपुर में दो, जालोर में एक, जोधपुर ग्रामीण में एक, करौली में एक, खैरथल-तिजारा में दो, कोटा में दो, नागौर में एक, नीमकाथाना में एक, फलौदी में एक, राजसमंद में एक, सवाई माधोपुर में दो, सलूंबर में एक, सिरोही में एक, उदयपुर में तीन विद्यालय प्राथमिक से उच्च प्राथमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किए गए हैं।