
नाथद्वारा. शहर में तहसील रोड कच्चे झोंपड़े के बाहर सो रहे गाडिया लौहार परिवार के पांच सदस्यों को शनिवार रात बेकाबू कार ने रौंद डाला। हादसे में गंभीर घायल एक की मौत हो गई, जबकि घायल चार उपचाररत है।
जानकारी के अनुसार तहसील रोड पर नाथद्वारा निवासी रमेश गाडिया लौहार (३०), उसके पुत्र विनोद (१०)] लक्ष्मणलाल गाडिया लौहार (५०), सीता (१३), शांति (१६) सो रहे थे, तभी बेकाबू कार ने सभी को रौंद डाला। हादसे के बाद घायल पांचों लोगों को गोवर्धन राजकीय चिकित्सालय ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया। गंभीर घायल विनोद ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और कार को जब्त कर लिया। बाद में मार्ग की होटल व दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और हादसे की गहन तहकीकात शुरू कर दी। इधर, उपचार के दौरान दम तोडऩे पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
गहरी नींद में थे सभी सदस्य
कच्चे झोंपड़े के बाहर गाडिया लौहार परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। बस स्टैंड की तरफ से तेज रफ्तार में आई कार ने लोगों को कुचल दिया। रमेश उसके पुत्र के साथ एक ही पलंग पर थे, जबकि लक्ष्मण, सीता व शांति एक पलंग पर है।
मुखाग्नि के लिए अस्पताल से बेटे को लाए
हादसे के बाद रमेश लौहार के अंतिम संस्कार के लिए उसके घायल बेटे विनोद को उदयपुर अस्पताल से लाया गया। बेटे ने मुखाग्नि दी, तब गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटे सिर में गंभीर चोट आई और एक पैर फैक्चर हो गया।
चालक को लिया हिरासत में
नाथद्वारा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक उदयपुर हाल सिंहाड़ नाथद्वारा निवासी कमलेश वैष्णव को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। चालक ने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा कि उसकी कार चोरी हो गई, जबकि तलाशी लेने पर उसी की जेब से चाबी निकली।