राजसमंद

बेकाबू ट्रेलर ट्रेलर ने किशोर को कुचला, मौत

दो जने हुए गंभीर रूप से घायलगुस्साई भीड़ ने ट्रेलर को फूंकामौके पर शव रख किया रास्ता जाम
2 min read
children dead in accident at devagarh
बेकाबू ट्रेलर ट्रेलर ने किशोर को कुचला, मौत

देवगढ़. नगर के समीप आंजना चौराहा पर कुंदवा-पारडी रोड की तरफ से आ रहे बेकाबू ट्रेलर ने आंजना चौराहा पर तीन लोगों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक किशोर की बुरी तरह से कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो जने गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रेलर को आग के हवाले कर दिया और टायर जलाकर तथा मृतक का शव मौके पर रखते हुए देवगढ़-भीलवाड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया।
शुक्रवार शाम करीब 6 बजे ग्रेनाइट माइंस का ट्रेलर मार्बल भरकर कुंदवा-पारडी मार्ग की ओर से आ रहा था। जिस पर आंजना चौराहा पर चालक काबू नहीं कर पाया और चौराहा पर खड़े तीन लोगों को चपेट में ले लिया। इससे कमलेश (16) पुत्र भंवरलाल रेगर निवासी आंजना की बुरी तरह कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो जने घायल हो गए, जिन्हें देवगढ़ सीएचसी में उपचार के लिए लाया गया। हादसे के बाद किशोर की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रेलर को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद चौराहा पर टायर जलाकर भीलवाड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया। बाद में किशोर के शव को भी मौके पर रखकर ग्रामीण प्रदर्शन करने लगे। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गई। सूचना मिलते ही देवगढ़ थाने से सीआई महिपाल सिंह सिसोदिया जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाईश का प्रयास किया पर वे नहीं माने। कुछ देर में देवगढ़ नगर पालिका का दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा, परन्तु ग्रामीणों ने उसे ट्रेलर में लगी आग को बुझाने नहीं दिया। ग्रामीण इस मार्ग को चौड़ा करने और इस मार्ग पर मार्बल के ट्रेलरों का आवागमन बंद करने की मांग पर अड़ गए। स्थिति को देखते हुए बाद में डिप्टी भीम भरतसिंह, सीआई लाभूराम विश्नोई, दिवेर थानाधिकारी दिलीपसिंह के साथ ही इन थानों से भी जाब्ता मौके पर पहुंच गया। पुलिस द्वारा देर रात तक ग्रामीणों की समझाइश के प्रयास जारी रहे।

इकलौता था लडक़ा
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक कमलेश 11वीं कक्षा में पढ़ रहा था तथा वह परिवार में इकलौता बेटा था।

Published on:
14 Dec 2018 08:35 pm