आमेट. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर केंद्र सरकार द्वारा बढ़ती महंगाई एवं घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक व नगर कांग्रेस कमेटी आमेट के तत्वावधान में एसडीएम कार्यालय के बाहर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। […]
आमेट. राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर केंद्र सरकार द्वारा बढ़ती महंगाई एवं घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर के दामों में की गई वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक व नगर कांग्रेस कमेटी आमेट के तत्वावधान में एसडीएम कार्यालय के बाहर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महामहिम राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति इस धरना प्रदर्शन के कार्यक्रम में आमेट ब्लॉक एवं नगर क्षेत्र के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रामलाल गुर्जर, पूर्व सरपंच भीमराज बैरवा, पूर्व प्रतिपक्ष नेता प्रदीप सिंह राठौड़, भरत त्रिवेदी, पूर्व पार्षद प्रकाश खटीक, रोशनलाल तेली, पंकज टेलर, जगदीश शर्मा, शांतिलाल सोनी, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के महासचिव आजाद शाह, मांगू सिंह, मनोज बुनकर, अल्पसंख्यक विभाग के ब्लॉक अध्यक्ष फिरोज शेख, बंशीलाल मेवाड़ा, पूर्व पार्षद ताहिर अली शौरघर, पूर्व नगर अध्यक्ष ललित गेलडा, शायरी सुथार, मोहनलाल बुनकर, हरिश रेबारी, ईलाही बक्स कुरैशी, लक्ष्मण रेगर, कमलेश रेगर, राजू रेगर, मीठालाल रेगर, रत्नेश आमेटा, पुष्पेंद्र जांगिड़, बालकृष्ण टेलर, मोहन लाल रेगर, गोपाल छीपा, गिरधारी गुर्जर, सलीम शोरगर, तुलसी राम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महंगाई और आर्थिक कुप्रबंधन पर केंद्र को घेरा उपखंड अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को दिए ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने बताया कि "वर्तमान समय में केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण देश की आम जनता लगातार बढती मंहगाई से त्रस्त है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं के दामों में निरंतर वृद्धि होने से गरीब, किसान, मजदूर एवं मध्यम वर्ग के परिवारों का जीवन अत्यंत कठिन हो गया है।" कांग्रेसजनों ने विशेष रूप से सिलेंडर की कीमतों पर प्रहार करते हुए कहा कि "हाल ही में केन्द्र सरकार द्वारा रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर के दामों में लगभग 60/- रूपये की वृद्धि कर दी गई है, जिससे आमजन की रसोई पर सीधा प्रभाव पड़ा है।" वैश्विक अस्थिरता और स्थानीय संघर्ष प्रदर्शनकारियों ने अपनी बात रखते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले गरीब परिवार, मजदूर वर्ग एवं सीमित आय वाले लोग अपने परिवार का भरण पोषण करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। वर्तमान समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अस्थिरता का माहौल बना हुआ है।
"इजराइल और ईरान के मध्य चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे हालात में देश की जनता को राहत देने के लिए केंन्द्र सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए थे, किन्तु दुर्भाग्यवश केन्द्र सरकार की नीतियों एवं कुप्रबंधन के कारण आम जनता को मंहगाई की मार झेलनी पड़ रही है।" व्यापक जन आंदोलन की चेतावनी ज्ञापन के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। आज देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है।
इन परिस्थितियों में आमजन को राहत देने के बजाय केन्द्र सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णय जनता की परेशानियों को और बढ़ा रहे हैं। "राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हम सभी कांग्रेसजन आपके माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति महोदय का ध्यान देश में बढ़ती महंगाई एवं रसोई गैस की कीमतों में की गई वृद्धि की ओर आकर्षित कराना चाहते हैं।" अंत में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही गैस के बढ़े दाम वापस नहीं लिए गए और ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आम जनता में बढ़ता आक्रोश व्यापक जन आंदोलन का रूप ले सकता है।