22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajsamand: गांव में होने वाली थी शराबबंदी, मोबाइल टावर पर चढ़ गया शराब प्रेमी, इलाके में मची अफरा-तफरी

liquor Ban: राजसमंद जिले के कुचोली गांव में एक युवक पांच घंटे तक मोबाइल टावर पर चढ़ा रहा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और समाज के लोगों की समझाइश के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरा।

2 min read
Google source verification
Rajsamand news

युवक को समझाती पुलिस। फोटो- पत्रिका

राजसमंद। जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र के कुचोली गांव में शुक्रवार उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने खुद ही पुलिस कंट्रोल कक्ष में फोन कर सूचना दी कि वह टावर पर चढ़ा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। करीब पांच घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और समाज के लोगों की समझाइश पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।

यह वीडियो भी देखें

अपनी बात पर अड़ा रहा युवक

सूचना मिलते ही केलवाड़ा थाना से सहायक उपनिरीक्षक हरि सिंह, प्रधान आरक्षक मोहनलाल और आरक्षक सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी लगातार युवक से मोबाइल फोन पर संपर्क कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन युवक अपनी बात पर अड़ा रहा। इस दौरान क्षेत्र के बाप पार्टी नेता डॉ. राम मीणा ने भी युवक से बातचीत कर उसे शांत करने का प्रयास किया। टावर पर चढ़े युवक की पहचान घाटा की भागल निवासी डालूराम पुत्र नाथूलाल भील के रूप में हुई। युवक बार-बार यही कहता रहा कि उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और समाज के लोग उसे परेशान कर रहे हैं।

समाज के कई पंच भी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलने पर युवक का भाई कमलेश और समाज के कई पंच भी मौके पर पहुंचे। सभी ने युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। दोपहर करीब दो बजे तेज गर्मी के चलते युवक ने पानी मांगा। इस पर पुलिस ने उसे भरोसा दिलाया कि नीचे उतरने पर उसके साथ किसी तरह की मारपीट नहीं होगी और उसकी बात सुनी जाएगी। पुलिस ने उसे आश्वस्त किया कि उसकी समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद युवक धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया।

चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया

नीचे उतरते ही पुलिस उसे अपने साथ अस्पताल लेकर गई, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। बाद में पुलिस ने युवक को पाबंद किया। युवक ने बताया कि गांव में समाज की ओर से शराबबंदी लागू की जा रही है, जिसका वह विरोध कर रहा है। उसका कहना था कि वह अपने घर में शराब पीता है, लेकिन समाज के लोग इस बात को लेकर उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। इसी तनाव में आकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया।