
राजस्थान में तृतीय श्रेणी शिक्षकों का प्रमोशन, पत्रिका फोटो
Third Grade Teacher Promotion: राजस्थान में कार्यरत तृतीय श्रेणी शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले छह सत्रों से लंबित चल रही पदोन्नतियों का रास्ता अब साफ हो गया है। शिक्षा विभाग ने वरिष्ठता सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं, जिसके तहत 20 मई से प्रक्रिया प्रारंभ होगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर के निदेशक सीताराम जाट ने सभी संयुक्त निदेशकों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। राजसमंद जिले में लगभग 2,177 तृतीय श्रेणी (लेवल-1 और लेवल-2) शिक्षक कार्यरत हैं। जिन्हे भी प्रमोशन का इंतजार है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इस बार वरिष्ठता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब तक पांच-पांच वर्ष के अंतराल में वरिष्ठता सूची तैयार की जाती थी, लेकिन इस बार एकमुश्त सूची बनाई जाएगी। इसमें अप्रैल 2022 तक नियुक्त सभी तृतीय श्रेणी शिक्षकों को शामिल किया जाएगा। इसी सूची के आधार पर आगे की पदोन्नति प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस प्रक्रिया से राज्यभर के लगभग 25 हजार तृतीय श्रेणी शिक्षक लाभान्वित होंगे। संभाग स्तर पर वरिष्ठता सूची 10 जून तक जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
निदेशालय ने जिला स्तर पर तैयार होने वाली वरिष्ठता सूची के लिए तय समय सीमा भी जारी की है।
निर्देशों के अनुसार 25 मई तक शिक्षकों की अस्थाई वरिष्ठता सूची तैयार करनी होगी। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण 29 मई तक कर स्थाई वरिष्ठता सूची तैयार की जाएगी।
राज्य में तृतीय श्रेणी शिक्षकों की वरिष्ठ अध्यापक पद पर सत्र 2021-22, 2022-23, 2023-24, 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की पदोन्नतियां अभी तक लंबित चल रही हैं। हालांकि सत्र 2021-22 की पदोन्नति प्रक्रिया सभी 9 मंडलों में पूरी हो चुकी है, लेकिन पदस्थापन अभी बाकी है। राजसमंद जिले में कार्यरत लगभग 2,177 तृतीय श्रेणी (लेवल-1 और लेवल-2) शिक्षकों को भी प्रमोशन का तोहफा मिलने वाला है।
राज्यभर के तृतीय श्रेणी शिक्षकों को न तो समय पर पदोन्नति मिल रही है और न ही तबादले हो पा रहे हैं। अंतिम बार तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादले वर्ष 2018 में भाजपा सरकार के दौरान हुए थे। इसके बाद 18 अगस्त से 25 अगस्त 2021 तक शाला दर्पण पोर्टल पर ऑनलाइन तबादला आवेदन मांगे गए थे, जिसमें करीब 85 हजार शिक्षकों ने आवेदन किया था, लेकिन आज तक तबादले नहीं हो सके।
शिक्षक संघ रेसटा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मोहर सिंह सलावद ने कहा कि तृतीय श्रेणी शिक्षक से वरिष्ठ अध्यापक पदों पर छह सत्रों से लंबित पदोन्नतियों को शीघ्र पूरा करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा वरिष्ठता सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करना स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि इससे लंबित पदोन्नतियां समय पर हो सकेंगी और राज्य के सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत लाखों विद्यार्थियों को समय पर विषय अध्यापक मिल सकेंगे।
Updated on:
26 May 2026 12:22 pm
Published on:
18 May 2026 10:32 am
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
