
सभी आरोपी गिरफ्तार (पत्रिका फोटो)
नाथद्वारा (राजसमंद): नाथद्वारा थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप लूट की साजिश का पर्दाफाश करते हुए दो हिस्ट्रीशीटर सहित गैंग में शामिल 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिजनोल में एक पेट्रोल पंप को लूटने की साजिश रच रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, तलवार, चाकू, लोहे का सरिया, मिर्च पाउडर तथा वारदात में उपयोग ली जा रही दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एसपी अधीक्षक हेमंत कलाल, एडीजी पुलिस, एटीएस, एजीटीएफ और एएनटीएफ के निर्देश पर अपराधियों एवं संगठित गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नाथद्वारा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
थानाधिकारी कमलेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को वह अपनी टीम के साथ रात्रिकालीन गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिजनोल पेट्रोल पंप के पास कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ झाड़ियों में छिपे हुए हैं और पेट्रोल पंप पर लूट की साजिश रच रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर सभी पांच आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर लूट की साजिश बनाना स्वीकार किया।
थानाधिकारी ने बताया कि एक और बड़े अपराध को अंजाम देने की साजिश रच रहे कांकरोली के जलचक्की स्थित आजाद नगर निवासी व पुलिस रिकार्ड में दर्ज हिस्ट्रीशीटर हाशिम उर्फ मोहिद (34) पुत्र आफताब खान पठान, कांकरोली के जलचक्की इलाके में भील मगरी निवासी हिस्ट्रीशीटर मुकेश उर्फ फुग्गा (24) पुत्र मदनलाल गवारिया, राजनगर थाना क्षेत्र के इंद्रा कॉलोनी निवासी चांद मोहम्मद (24) पुत्र हबीब शाह मुसलमान, कांकरोली के आजाद नगर निवासी दिलशाद (23) पुत्र अब्दुल कादिर शेख एवं कांकरोली के मुखर्जी चौराहा के छतरी चौक निवासी समीर खान (20) पुत्र शब्बीर खान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में से 2 विभिन्न थानों के हिस्ट्रीशीटर एवं आदतन अपराधी हैं। बाकियों के खिलाफ भी गंभीर प्रकृति के आपराधिक मामले चल रहे हैं। इनमें हिस्ट्रीशीटर हाशिम उर्फ मोहिद के खिलाफ कांकरोली थाने में वर्ष 2013 से लेकर वर्ष 2025 तक हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, अपहरण, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कुल 17 प्रकरण दर्ज हैं।
इनमें से 2013 में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में वह बरी हो गया, जबकि 16 गंभीर प्रकृति के अपराधों से जुड़े प्रकरण अभी भी न्यायालय में चल रहे हैं। वहीं दूसरे हिस्ट्रीशीटर मुकेश उर्फ फुग्गा के खिलाफ भी कांकरोली व राजनगर थानों में वर्ष 2017 से लेकर 2026 तक हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, अपहरण, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कुल 17 मामले दर्ज हैं और सभी प्रकरण न्यायालय में ट्रायल में है।
इसके अलावा दिलशाद के खिलाफ कांकरोली थाने में वर्ष 2020 से 2026 तक एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, अपहरण, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कुल 10 मामले दर्ज हैं और न्यायालय में चल रहे हैं।
चांद मोहम्मद के खिलाफ राजनगर व कांकरोली थाने में वर्ष 2021 से 2024 तक नकबजनी, मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित कुल 7 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और न्यायालय में चल रहे हैं। जबकि समीर खान के खिलाफ कांकरोली थाने में वर्ष 2023 से 2025 के बीच हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट, मारपीट सहित कुल 5 मामले दर्ज हैं और न्यायालय में चल रहे हैं।
पुलिस ने दो हिस्ट्रीशीटर एवं उनके साथ गैंग में शामिल तीन अन्य आरोपियों के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक तलवार, एक चाकू, लोहे का सरिया, मिर्च पाउडर की पुड़िया और दो मोटरसाइकिलें बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से अन्य वारदातों एवं अवैध हथियारों के स्रोत के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
हत्या, लूट, अपहरण, आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपी एवं हिस्ट्रीशीटरों को पेट्रोल पंप लूट की योजना बनाते गिरफ्तार करने वाली नाथद्वारा थाना पुलिस की टीम में थानाधिकारी कमलेंद्र सिंह, एएसआई हंसराज, कमलेंद्र सिंह व साइबर सेल के एएसआई शंभूप्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, श्रवण कुमार व महेंद्र सिंह, कांस्टेबल इंद्रकुमार, लीलाधर, रतिराम, गोविंद सिंह और चालक भोपाल सिंह शामिल रहे।
Updated on:
10 May 2026 02:09 pm
Published on:
10 May 2026 02:08 pm
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
