
पत्रिका फाइल फोटो
Rajsamand CDEO Viral Video: राजसमंद के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वरलाल बाल्दी खमनोर ब्लॉक के गांवगुड़ा में नए स्कूल भवन के लोकार्पण समारोह में सार्वजनिक मंच से भाजपा की पश्चिम बंगाल में जीत पर भाषण देकर प्रदेश कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सीडीईओ के भाषण का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
खमनोर ब्लॉक के गांवगुड़ा में 5 मई को पीएमश्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन समारोह में सीडीईओ रामेश्वरलाल बाल्दी ने मंच से भाजपा की पश्चिम बंगाल में जीत, बंगाल में ममता राज के सफाए, 10 रुपए की झालमुड़ी के कमाल का उल्लेख अपने भाषण में किया था।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि राजसमंद के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी का सार्वजनिक मंच से राजनीतिक भाषण बेहद गंभीर और अनुशासनहीनता का मामला है। राजकीय मुलाजिम सरकार के होते हैं, किसी राजनीतिक दल के नहीं। बावजूद भाजपा सरकार में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सरकारी पदों पर बैठे कुछ लोग पद की गरिमा और सेवा नियमों को ताक पर रखकर राजनीतिक कार्यकर्ता की भूमिका निभा रहे हैं और सत्ता पक्ष की भाषा बोल रहे हैं। सरकार से अपेक्षा है कि वो तुरंत इस मामले में संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारी पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करे।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि राजसमंद के मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी का ऐसा राजनीतिक भाषण अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा है। एक सरकारी कार्मिक का इस तरह राजनीतिक भाषणबाजी करना सरकारी कार्मिकों के लिए बनी नियमावली का सरेआम धज्जियां उड़ाना है। क्या भाजपा सरकार इस तरह सरकारी नियमों का मखौल उड़ाने वाले कार्मिक पर कोई कार्रवाई करेगी या हर मामले की तरह यहां भी केवल चुप रहकर तमाशा देखेगी?
कांग्रेस ने सीडीईओ के इस भाषण को सरकारी कर्मचारी द्वारा की गई अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा बताया है। इधर, राजसमंद जिला कांग्रेस कमेटी ने भी सीडीईओ बाल्दी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी जिला कलक्टर को शनिवार को इस मामले में ज्ञापन देगी।
Updated on:
09 May 2026 11:33 am
Published on:
09 May 2026 11:31 am
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
