
उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी। फोटो- पत्रिका
राजसमंद। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांगठकला में 67 करोड़ रुपए से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जेसीबी से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, कुंभलगढ़ विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, कार्यक्रम संयोजक राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, पूर्व प्रधान अरविंद सिंह सहित अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
यह वीडियो भी देखें
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं, जिससे आमजन के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।
सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रत्येक व्यक्ति के समग्र कल्याण को ध्यान में रखते हुए लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य केवल विकास कार्यों का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना भी है।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सांगठकला से सहाड़ा गंगापुर वाया साकरोदा, सुन्दरचा, तासोल, खटामला और बिनोल तक 28.90 किलोमीटर लंबाई के सुदृढ़ीकरण और चौड़ाईकरण का कार्य रहा, जिसकी लागत 47.96 करोड़ रुपए है। इसके अतिरिक्त पुठोल में 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन पंचायत भवन का उद्घाटन किया गया।
लोकार्पण कार्यों में पसुन्द में श्मशान से तलाई कुआं राजकीय प्राथमिक विद्यालय तक 80 लाख रुपए की लागत से बनी बीटी सड़क, सापोल से आत्मा रोड तक 3 करोड़ रुपए की लागत से बीटी सड़क निर्माण और एमड़ी में जेके स्कूल से भट्टखेड़ा मार्ग तक नहर के साथ 2.50 करोड़ रुपए की लागत से बनी सड़क शामिल है।
शिलान्यास कार्यों में पुठोल क्षेत्र के बागोटा में खरवड़ों की भागल से सालवी बस्ती और गुर्जरों की भागल तक 50 लाख रुपए की लागत से सड़क निर्माण, 2.50 करोड़ रुपए की लागत से झांझर से पोदावली मार्ग वाया कलखेत सड़क निर्माण, 3 करोड़ रुपए की लागत से सांगठकला के बीड़ों की भागल से गोवल तक बीटी सड़क निर्माण होगा।
वहीं 1.59 करोड़ रुपए की लागत से सांगठकला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण तथा 5.11 करोड़ रुपए की लागत से सांगठ बांध और नहर प्रणाली के जीर्णोद्धार कार्य शामिल हैं। इस प्रकार कुल 67.46 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए। कार्यक्रम के दौरान राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने अपने भाषण में नाथद्वारा के विधायक विश्वराज सिंह को मेवाड़नाथ कहकर संबोधित किया, जिसकी शहर में खासी चर्चा रही।
Updated on:
06 May 2026 05:33 pm
Published on:
06 May 2026 05:27 pm
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
