5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajsamand Accident: जागरण से लौट रहे श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों ने किया हमला, बनास नदी में टेम्पो पलटा, 9 लोग घायल

राजसमंद जिले में रात्रि जागरण से लौट रहे एक ही परिवार के लोगों से भरा टेम्पो बनास नदी में पलट जाने से 9 लोग घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

2 min read
Google source verification
rajsamand Banas river accident

नदी में गिरा टेम्पो (फोटो-पत्रिका)

राजसमंद। जिले के रेलमगरा उपखंड में एक अजीब और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां मधुमक्खियों के हमले के कारण एक टेम्पो अनियंत्रित होकर बनास नदी में जा गिरा। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के 9 लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, जीतावास निवासी लौहार परिवार के सदस्य चोकड़ी गांव स्थित देवता के यहां आयोजित रात्रि जागरण में शामिल होने गए थे। सोमवार रात जागरण के बाद मंगलवार को प्रसादी कार्यक्रम रखा गया, जिसमें भाग लेने के बाद सभी लोग टेम्पो में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे, जब वाहन रेलमगरा से जीतावास की ओर जा रहा था, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड टेम्पो में घुस आया।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

मधुमक्खियों ने वाहन में बैठे लोगों पर हमला कर दिया और डंक मारने लगीं। इस दौरान टेम्पो चालक रतनलाल लौहार भी इनके हमले का शिकार हो गया। अचानक हुए हमले से घबराकर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और टेम्पो संतुलन खोकर सीधे बनास नदी में गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सभी घायल राजसमंद रेफर

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और टेम्पो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर रेलमगरा के अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए राजसमंद रेफर कर दिया गया।

हादसे मं ये लोग हुए घायल

घायलों में रुक्मणबाई, पारसबाई, कमला बाई और बाल बाई की हालत गंभीर है। वहीं काजल और कंचन को फ्रैक्चर हुआ है, जबकि मथुराबाई, अंजली और चालक रतनलाल को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार राजसमंद के आर.के. चिकित्सालय में चल रहा है।

प्रशासन सक्रिय

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन भी सक्रिय हो गया। सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को अलर्ट किया, जिससे घायलों को समय पर उपचार मिल सका। यह हादसा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी लोग घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।