राजसमंद

मॉकड्रील इलाके में हुआ सर्वे

सैम्पल निगेटिव, युवक को अस्पताल से मिली छुट्टी
less than 1 minute read
मॉकड्रील इलाके में हुआ सर्वे
मॉकड्रील इलाके में हुआ सर्वे

राजसमंद. कोरोना के लिए गठित टीमों की कार्यप्रणाली जांचने के लिए शनिवार को प्रशासन द्वारा करवाई गई मॉकड्रील के बाद रविवार को उसी प्रक्रिया का सर्वे भी किया गया। चिह्नित कॉलोनी में घर-घर जाकर स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने लोगों से जानकारी जुटाई। इधर मॉकड्रील में जिस युवक को अस्पताल में भर्ती करवाकर सैम्पलिंग करवाई गई थी उसका भी रविवार को सैम्पल निगेटिव आने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।


एसडीएम सुशील कुमार के निर्देश पर शनिवार सुबह कोरोना मामलों में लगी टीमों की परख के लिए शहर के रेती मोहल्ला स्थिति एक घर पर मॉकड्रील की गई थी। जिस इसके लिए जिस व्यक्ति का चयन किया गया था वह गत दिनों उदयपुर के मावली जाकर आया था। इस पर प्रशासन पूरे लवाजमे के साथ उसके घर पहुंचा तथा मॉकड्रील की गई। इसी मॉकड्रील के अगले चरण के तहत रविवार को सुबह डॉ. शेरसिंह जाट के निर्देशन में दो एएनएम तथा एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने मोहल्ले में घर-घर जाकर सर्वे किया। एएनएम ने बताया कि दोपहर १२ बजे तक उन्होंने करीब ३० घरों का सर्वे कर लिया था लेकिन यहां कोई बाहरी व्यक्ति या बीमार सामने नहीं आया है। इधर मॉकड्रील के दौरान अस्पताल में भर्ती करवाए गए युवक की जांच रिपोर्ट रविवार सुबह आई। रिपोर्ट निगेटिव आने और सिर्फ मॉकड्रील के लिए उसकी जांच करवाने के कारण उसे दूसरे दिन ही राजकीय जिला चिकित्सालय से छुट्टी दे दी गई। हालांकि अन्य संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट आने के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं दी जाती है। कईबार तो पहला सैम्पल निगेटिव आने के बावजूद भर्ती व्यक्ति का दूसरा सैम्पल भी जांच के लिए भेजा जाता है।

Published on:
13 Apr 2020 07:39 am