
राजसमंद. पाली से पैदल उज्जैन जा रहे श्रमिकों की अस्पताल में स्क्रीनिंग कर उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं मंगलवार को जिले से १३ सैम्पल जांच के लिए भेजे गए हैं। सारे सैम्पल राजसमंद के राजकीय अस्पताल के हैं जबकि नाथद्वारा अस्पताल से मंगलवार को कोई सैम्पल नहीं भेजा गया। वहीं सोमवार को जो सैम्पल भेजे गए थे उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। अबतक जिले से २२५ सैम्पल भेजे जा चुके हैं, जिसमें से ४९ रिपीट हैं। २१२ की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। सीएमएचओ डॉ. जेपी बुनकर ने बताया कि मंगलवार को नाथद्वारा अस्पताल से कोई सैम्पल नहीं भेजा गया, जबकि राजसमंद के जिला अस्पताल से १३ सैम्पल जांच के लिए भेजे गए हैं। अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में १४ लोग भर्ती हैं जबकि नाथद्वारा के अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में ६ लोग भर्ती हैं।
नहीं रुक रहा बाहरी लोगों का आना
मंगलवार को जिला अस्पताल से जो १३ सैम्पल जांच के लिए भेजे गए हैं उसमें कोई जयपुर से आया है तो कोई इंदौर से। चिकित्सकों ने बताया कि ये लोग रविवार और सोमवार को ही आए हैं। ऐसे में बड़ा प्रश्न यह उठ रहा है कि जब सभी सीमाएं लॉक हैं तो ये लोग कैसे निकलकर आ रहे हैं।