
राजसमंद. कोरोना को लेकर राजसमंद में अबतक चिकित्सा विभाग द्वारा १७० लोगों की सैम्पलिंग करवाई गई है, जिसमें से १६० लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है, जबकि शुक्रवार को भेजे गए १० सैम्पलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। सीएमएचओ डॉ. जेपी बुनकर ने बताया कि राजसमंद के राजकीय आरके जिला चिकित्सालय व नाथद्वारा के सामान्य चिकित्सालय में कोरोना मरीजों के सैम्पल लिए जा रहे हैं। दोनों ही अस्पतालों में अबतक १६८ सैम्पल लिए गए हैं, दो सैम्पल सीधे उदयपुर में ही लिए गए थे, इस तरह से अबतक कुल १७० सैम्पल लिए गए हैं। जिसमें से कुछ लोगों के रिपीट सैम्पल भी है। ३२ लोग अभी भी दोनों ही अस्पतालों के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। वहीं शुक्रवार को जिला अस्पताल से छह जनों के सैम्पल लिए गए, वहीं नाथद्वारा अस्पताल से ४ जनों के रिपीट सैम्पल भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आनी शेष है। बाकी १६० सैम्पलों की निगेटिव रिपोर्ट आ चुकी है।
दिल्ली कनेक्शन होने पर किया भर्ती
राजसमंद के आरके जिला चिकित्सालय में शुक्रवार को आमेट क्षेत्र से आए तीन लोगों का दिल्ली कनेक्शन सामने आया है। जिस पर उनकी सैम्पलिंग करवाई गई है। हालांकि अभी उनका तबलीगी जमात से कोई कनेक्शन होना सामने नहीं आया है। पर वे गत दिनों दिल्ली जाकर लौटे थे, इसलिए उनके सैम्पल शुक्रवार को लिए गए हैं तथा उन्हें अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।