राजसमंद. शहर के कालिंदी विहार क्षेत्र में गैस सिलेंडर की सप्लाई में देरी को लेकर लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय निवासियों के अनुसार वे सुबह करीब 9 बजे से गैस सिलेंडर का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सप्लायर करीब 11:40 बजे मौके पर पहुंचा। आरोप है कि देरी से आने के बावजूद सप्लायर […]
राजसमंद. शहर के कालिंदी विहार क्षेत्र में गैस सिलेंडर की सप्लाई में देरी को लेकर लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय निवासियों के अनुसार वे सुबह करीब 9 बजे से गैस सिलेंडर का इंतजार कर रहे थे, लेकिन सप्लायर करीब 11:40 बजे मौके पर पहुंचा। आरोप है कि देरी से आने के बावजूद सप्लायर ने उपभोक्ताओं से ही नाराज़गी जताई और कहा कि “आपको इतना जल्दी किसने बुलाया।” इस टिप्पणी के बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख सप्लायर ने एजेंसी मालिक को फोन किया, जिसके बाद मौके पर समझाइश का प्रयास किया गया।
बताया जा रहा है कि बाद में लोगों को 10-10 के समूह में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर सिलेंडर वितरण किया गया। इस व्यवस्था का कुछ महिलाओं और पुरुषों ने विरोध किया, जिसके बाद उन्हें अलग ले जाकर समझाया गया और जल्द सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद स्थिति शांत हुई। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनकी गैस बुकिंग 20 मार्च को की गई थी, लेकिन समय पर डिलीवरी नहीं मिली। जब एक उपभोक्ता एजेंसी पर जानकारी लेने पहुंचा तो उसे स्वयं सिलेंडर लाने की बात कही गई, यह कहते हुए कि यह सप्लाई राजनगर क्षेत्र की है।
पड़ताल में यह भी सामने आया कि सुभाष नगर क्षेत्र में भी 20 मार्च की बुकिंग वाले सिलेंडर समय पर वितरित नहीं किए गए। एक उपभोक्ता द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद 9 अप्रैल को सिलेंडर की डिलीवरी की गई।स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जहां समय पर गैस सप्लाई नहीं होने से परेशानी हो रही है। साथ ही कुछ सप्लायरों द्वारा अतिरिक्त पैसे की मांग किए जाने और भुगतान न करने पर अगली बार सप्लाई रोकने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।