राजसमंद

विकास का मुंह चिढ़ा रही शहर की टूटी सडक़ें

सुभाष नगर, राणाराजसिंह नगर, जेके रोड में सडक़ और नालियों की समस्या
less than 1 minute read
Rajsamand news,Rajsamand Hindi news,Rajsamand local news,Rajasthan Ka Ran,rajasthan chunav,
विकास का मुंह चिढ़ा रही शहर की टूटी सडक़ें

अश्वनी प्रतापसिंह @ राजसमंद. प्रत्याशियों की घोषणा के बाद प्रचार जोरों पर हैं। वादे और दावों का बाजार गरम है। कोई विकास को गिनाकर वोट मांग रहा है,तो कोई बड़े-बड़े सपन दिखा रहा है। इधर आमजन शहर की टूटी सडक़ों, नालियों के अभाव में मार्ग से बहते पानी से जद्दोजहद कर रहे हैं। यूं तो समस्याएं पूरे शहर में है, लेकिन शनिवार को पत्रिका टीम ने सुभाष नगर, राणाराजसिंह कॉलोनी व जेके रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां ऐसे हालत मिले जो विकास का मुंह चिढ़ा रहे थे।
शहर के सुभाष कॉलोनी में पिछले एक साल से गिट्टियां मार्ग पर पड़ी हैं, लेकिन आजतक डामर या सीसी नहीं हुई है, जिससे यहां न केवल आवागमन में समस्या होती है, बल्कि जरा सी चूक लोगों को जख्मी कर देती है। साथ ही नालियों के अभाव में घरों का गंदा पानी मार्ग पर फैल रहा, जो यहां से गुजरने वालों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। वहीं शहर के सुभाष नगर कॉलोनी क्षेत्र में नालियों का अभाव है। इससे बारिश के दिनों में पानी सडक़ के ऊपर से बहता है। पूरे बारिश के मौसम लोग परेशान होते हैं। साथ ही गौरवपथ के जरिए शहरी क्षेत्र में सडक़ों को चौड़ा करने का काम शुरू हुआ, धोइंदा क्षेत्र में काम प्रगति पर है, जबकि मुखर्जी चौराहे से गोमाता सर्कल, द्वारकेश चौराहे से भीलवाड़ा हाइवे तक सडक़ खुदी पड़ी हैं। शहर के कांकरोली से जेके मार्ग की स्थिति काफी खराब है। रोड़ की चौड़ाई बढ़ाने के लिए एक साल पूर्व ही इसके किनारे खोद दिए गए लेकिन आजतक उसे चौड़ा नहीं किया गया। अब वह लोगों के लिए मुसीबत बनी है। ९ माह में गिरकर कई लोग जख्मी हो चुके हैं, एक वृद्ध की मौत भी हो चुकी है। क्षेत्रीय दुकानदार सारा दिन धूल भरी हवा से जूझते हैं।

Published on:
19 Nov 2018 11:59 am