राजसमंद. निजी विद्यालय संगठन राजसमंद की जिला स्तरीय बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष जवान सिंह देवड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में देवगढ़ ब्लॉक के नव-नियुक्त अध्यक्ष रुप सिंह चौहान का जिला कार्यकारिणी द्वारा स्वागत भी किया गया। संचालन डॉ. गिरिश पालीवाल ने किया। बैठक में […]
राजसमंद. निजी विद्यालय संगठन राजसमंद की जिला स्तरीय बैठक वरिष्ठ उपाध्यक्ष जवान सिंह देवड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में देवगढ़ ब्लॉक के नव-नियुक्त अध्यक्ष रुप सिंह चौहान का जिला कार्यकारिणी द्वारा स्वागत भी किया गया। संचालन डॉ. गिरिश पालीवाल ने किया। बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय के अनुसार, प्री-प्राइमरी कक्षाओं में आरटीई के अंतर्गत अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों से विद्यालय द्वारा सहयोग शुल्क लिया जाएगा। हालांकि यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि भविष्य में सरकार द्वारा इन कक्षाओं का भुगतान किया जाता है, तो ली गई राशि अभिभावकों को वापस कर दी जाएगी।
बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन अभिभावकों का शुल्क बकाया है और वे विशेष परिस्थितियों के चलते भुगतान करने में असमर्थ हैं, उन्हें विद्यालय में संपर्क कर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। ऐसे अभिभावकों को नोटरी सहित लिखित शपथ पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। वहीं, सामान्य परिस्थितियों में शुल्क बकाया रखने वाले अभिभावकों को टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) जारी नहीं करने का निर्णय भी लिया गया।
संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि ब्लॉक एवं जिला स्तर से जारी होने वाले किसी भी निर्देश को केवल लिखित रूप में ही मान्यता दी जाएगी। मौखिक आदेशों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाल वाहिनी (स्कूल वाहनों) की नियमित फिटनेस जांच के लिए राजसमंद में फिटनेस सेंटर शुरू करवाने हेतु संबंधित विभाग को पत्र लिखने का निर्णय लिया गया।
निजी विद्यालयों के आरटीई बकाया पुनर्भरण एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री, उप मुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री और भारत सरकार के शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेगा।
बैठक को संरक्षक मंडल सदस्य लाल सिंह झाला, चम्पालाल गाडरी, चतर सिंह चौहान, रुप सिंह चौहान, डॉ. किरण कुमार गन्ना, राकेश कुमार, भरत कुमावत, महेश कुमार सोलंकी, यशवंत त्रिपाठी, राजेन्द्र सिंह, गजेन्द्र सिंह राव, अभिषेक पालीवाल, उदयलाल टांक, सुरेश पुर्बिया, रेखा वर्मा, शीतल जोशी सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।