
Police Action News
रेलमगरा. उपखंड क्षेत्र के मेहन्दूरिया गांव में स्वीकृत नाला निर्माण कार्य में बाधा बने अतिक्रमण को प्रशासन ने बुधवार देर शाम कार्रवाई करते हुए हटा दिया। इस दौरान पीला पंजा चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया और नाले के लिए रास्ता पूरी तरह साफ कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेहन्दूरिया के आबादी क्षेत्र में पंचायत समिति द्वारा गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण स्वीकृत किया गया था, लेकिन मौके पर मौजूद अतिक्रमण के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। स्थिति यह थी कि आंगनवाड़ी केंद्र प्रथम के समीप सहित कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायतें भी दर्ज कराई थीं।
जिला कलेक्टर अरुणकुमार हंसीजा एवं उपखंड अधिकारी बिंदुबाला राजावत के निर्देश पर प्रशासन ने पूर्व में सर्वे कर कार्रवाई की तिथि निर्धारित की थी। बुधवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने करीब 300 मीटर लंबाई में नाले की खुदाई कराई तथा दरीबा से रेलमगरा सड़क मार्ग तक सभी अवरोधों को हटाकर निर्माण कार्य के लिए मार्ग प्रशस्त किया। इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कालुसिंह राणा, विकास अधिकारी मामराज मीणा, सहायक थाना अधिकारी अशोक वैष्णव, एएसआई शंभूलाल, अर्जुनसिंह, सहकारी समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश वैष्णव, भू-अभिलेख अधिकारी हीरालाल सालवी, बंशीलाल तेली, पटवारी प्रवीणकुमार, ग्राम विकास अधिकारी किशोर कुमार एवं वार्ड पंच देवीलाल बैरवा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Updated on:
12 Jun 2026 11:58 am
Published on:
11 Jun 2026 06:08 pm
