
Theft News in charbhuja
चारभुजा. चारभुजा थाना क्षेत्र के चारभुजा कस्बे स्थित झागाजी बस्ती में मंगलवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। क्षेत्र में इसे हाल के वर्षों की सबसे बड़ी चोरी की वारदातों में से एक माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चारभुजा थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार मंजू गुर्जर पुत्री गणेशलाल गुर्जर निवासी चारभुजा ने बताया कि उसके माता-पिता यात्रा पर गए हुए थे।
8 जून को यात्रा से लौटने के बाद वे कांकरोली स्थित आवास पर ठहरे हुए थे। 10 जून की सुबह उसके काका पुरुषोत्तम का फोन आया कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है तथा मकान के अंदर अलमारियों के ताले भी टूटे हुए हैं और सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य तत्काल घर पहुंचे। रिपोर्ट में बताया गया कि चोर मकान में घुसकर अलमारियों के ताले तोड़ ले गए। चोरी हुए सामान में करीब 1.5 किलो चांदी के कड़े, 1.5 किलो चांदी का कंदोरा, आधा किलो चांदी का बिस्किट, आधा किलो चांदी के पायजेब, 30 तोला एवं 25 तोला चांदी के पायजेब, 5 तोला सोने का टंड़ा, 4.5 तोला सोने की चेन, 2 तोला सोने की मरकिया, 1.5 तोला सोने की झुमरियां, 2.5 तोला सोने के कान के झुमके, 1 तोला सोने का मंगलसूत्र, 1.5 तोला हाथ की फुनसा, दो जोड़ी सोने की बालियां, तीन जोड़ी सोने के मांदलिया सहित कुल लगभग 25 तोला सोना, 5 किलो चांदी तथा 12 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
परिजनों के अनुसार चोरों ने वारदात को अंजाम देने के दौरान पड़ोस में रहने वाले काका पुरुषोत्तम के घर को भी बाहर से बंद कर दिया था, जिससे उन्हें घटना की जानकारी देर से मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना किया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर चोरी की वारदात की जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है तथा पुलिस से शीघ्र खुलासे की मांग की जा रही है।
Updated on:
11 Jun 2026 04:22 pm
Published on:
11 Jun 2026 04:22 pm
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
