
राजसमंद. भाटोली पंचायत मे रेबारियों की ढाणी में इंटरलॉकिंग व सीसी सड़क अधूरी व घटिया बनाने की शिकायत के बाद प्रशासन ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को जांच के निर्देश दे दिए हैं। अनियमितता को लेकर ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में भी परिवाद पेश किया है। बस्ती के प्रभुलाल रेबारी, बाबूलाल रेबारी, भैरूलाल रेबारी, रतनलाल सहित ग्रामीणों ने दिए ज्ञापन में बताया कि सीसी व इंटरलॉकिंग सड़क भंवरलाल गुर्जर के मकान से डूंगर रेबारी के मकान से होते हुए भैरूलाल रेबारी के मकान तक सीसी/ इंटरलॉकिंग सड़क स्वीकृत हुई। इसके लिए करीब 20 लाख रुपए स्वीकृत हुए, मगर ठेकेदार द्वारा अधूरा निर्माण किया गया। निर्माण में भी गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया, जिससे कुछ ही माह में इंटरलॉकिंग टाइल्स टेढ़ीमेड़ी हो गई और कुछ जगह उखडऩे लग गई है।
पुराने भवन से उठाए लाखों
भाटोली में चावंडा माता मंदिर के पास सामुदायिक वाचनालय के लिए तीन लाख रुपए स्वीकृत हुए। वाचनालय के नपाम पर 15 गुणा 20 फीट पर चार पिल्लर खड़े कर छत डाली गई। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा जनसहयोग से एक कमरा बनाया, चबुतरा व अन्य संसाधन लगाए, मगर ठेकेदार ने उसके भी फर्जी बिल पेश कर भुगतान उठाने का आरोप है।