
शहर के किशोर नगर दयालशाह किले की पहाड़ी की तलहटी स्थित वन विभाग के रोड पर गुरुवार रात्रि को सीसीटीवी कैमरे में पैंथर कैद हुआ। पैंथर रोड पर चलता दिखाई दे रहा है। उसने बछड़े पर झपट्टा मारकर उसे घायल कर दिया। रोड के दोनों और कई मकान है। क्षेत्रवासियों को इसकी जानकारी शुक्रवार को सुबह लगी। इससे लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। उन्होंने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। वन विभाग के कार्मिकों ने भी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और उसके बाद पैंथर के पैरों के निशानों की भी खोज की, लेकिन पैंथर का मूवमेंट सडक़ पर होने के पगमार्क कुछ ही दिखाई दिए। वन विभाग की ओर से मॉनिटरिंग बढ़ाई गई है।
गत दिनों छतों पर घूमता दिखा था पैंथर
शहर के धोईंदा स्थित रैगर मोहल्ले में 23 दिसम्बर की रात्रि को पैंथर घरों की छतों पर घूमता दिखाई दिया था। सीसीटीवी कैमरे में पैंथर की आवाजाही कैद होने के कारण क्षेत्रवासियों में हडक़ंप मच गया था। यहां पर भी पैंथर एक छत से दूसरी छत पर विचरण करता दिखाई दिया था। ऐसे में शहरी क्षेत्र में पैंथर की आवाजाही चिंता का विषय बनती जा रही है।
मॉनिटरिंग बढ़ाई है, लगवाएं पिंजरा
शहरी क्षेत्र में पैंथर श्वान और बछड़े के शिकार के लिए आ जाते हैं। इनकी मॉनिटरिंग करवाई जा रही है। गुरुवार रात्रि को भी सीसीटीवी कैमरे में पैंथर की आवाजाही कैद हुई है। जरूरत होने पर पिंजरा आदि लगवाया जाएगा।
- डॉ. आलोक गुप्ता, डीएफओ वन विभाग राजसमंद