
राजसमंद. शहर में करोड़ों रुपए के निर्माण कार्य लोकार्पण की बाट जोह रहे हैं। सब्जीमंडी, धनलक्ष्मी केन्द्र के बाद शहर के कांकरोली स्थित बालकृष्ण स्टेडियम और राजनगर स्थित अरविंद स्टेडियम में करोड़ों की लागत से बनाए दो इनडोर स्टेडियम तीन माह में ही रखरखाव मांगने लगे हैं। भवन में टूट-फूट होने लगी है। खिलाडिय़ों और खेल को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार के खेल मंत्रालय ने दोनों स्टेडियम में इनडोर स्टेडियम के लिए दो करोड़ रुपए स्वीकृत किए। निर्माणकर्ता एजेंसी राजस्थान राज्य सड़क विकास ने तीन माह पूर्व निर्माण कार्य पूरा कर दिया। वर्तमान में बालकृष्ण स्कूल मैदान में इनडोर स्टेडियम पर ताले लटके हैं। चारों तरफ खिड़कियों के कांच समाजकंटकों ने पत्थर फेंककर तोड़ दिए हैं। अंदर दरवाजे भी जर्जर हो रहे हैं। मुख्यद्वार को जंग लगने लगा है। सुलभ शौचालय भी खराब होने लगा है। ऐसे ही हाल अरविंद स्टेडियम के भी हैं। सुलभ शौचालय से लेकर विभिन्न खेलों के कोर्ट लोकार्पण की बाट जोह रहे हैं। हाल ही में मंत्री ने यहां का निरीक्षण भी किया था।
ये होंगी सुविधाएं
बालकृष्ण स्टेडियम में बड़ा इनडोर स्टेडियम बनाया है। इसमें बेडमिन्टन कोर्ट, रेसलिंग कोर्ट और अन्य खेलों के कोर्ट हैं। बाहर की तरफ वॉलीबॉल मैदान, कबड्डी का मैदान, सिटिंग स्पेस और एक सुलभ शौचालय बनाया है। अरविंद स्टेडियम में बास्केटबॉल कोर्ट, खो-खो कोर्ट, सिटिंग स्पेस और एक सुलभ शौचालय है।
खिलाडिय़ों को मलाल
लम्बे समय से स्टेडियम के ताले लटके देख खिलाडिय़ों में मायूसी छाई है। कई दफा लोगों ने इसके संचालन की मांग भी की, लेकिन जिम्मेदारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
विद्युत कनेक्शन बाकी
&स्टेडियम बनकर तैयार हो गए हैं। विद्युत कनेक्शन लेने की प्रक्रिया जारी है। कनेक्शन होती ही संचालन शुरूकर दिया जाएगा।
बृजेश रॉय, आयुक्त, नगर परिषद, राजसमंद
कांकरोली में नई सब्जी मण्डी के लॉटरी प्रक्रिया से आवंटन के साथ सब्जी विक्रेता शिफ्ट हो गए, लेकिन चौपाटी के पास गांधी पार्क में अब भी सब्जी विक्रेता काबिज हैं। ये विक्रेता कौन हैं, यह जांच का विषय है। यही हाल रहा, तो अतिक्रमण और यहां यातायात अव्यवस्था की बरसों पुरानी समस्या बरकरार रहेगी। नई मण्डी इसी मुश्किल को दूर करने के लिए बसाई गई है। इधर, यही हाल नई मण्डी के पास आवागमन को सुविधानजनक बनाने के लिए निर्मित नई दुकानों का हो गया। पुरानी दुकानों को दुकानदारों ने खाली नहीं किया है। दोनों जगह कब्जा कर लिया गया है और परिषद मौन बैठी हुई है।