राजसमंद

चोरी की एफआईआर में पुलिस की टालमटोल, आमजन तो क्या महकमों की नहीं सुनते थानेदार

अजमेर विद्युत वितरण निगम की रिपोर्ट से खुलासा
2 min read
Rajsamand,Rajsamand news,Rajsamand Hindi news,Rajsamand local news,rajsamand latest news,rajsamand news in hindi,Rajsamand police,rajsamand latest hindi news,rajsamand latest news rajsamand,
चोरी की एफआईआर में पुलिस की टालमटोल, आमजन तो क्या महकमों की नहीं सुनते थानेदार

लक्ष्मणसिंह राठौड़ @ राजसमंद

चोरी- नकबजनी की घटना पर अक्सर एफआईआर दर्ज करने से कतरानी वाली थाना पुलिस अब सरकारी सम्पत्ति चोरी होने पर भी प्रकरण दर्ज करने में टालमटोल की प्रवृत्ति अपना रही है। यही नहीं, जिस तरह थाने से किसी आम व्यक्ति को चोरी, चकारी की रपट दर्ज किए बिना लौटा दिया जाता है, ठीक वैसा ही बर्ताव पुलिस थानों में सरकारी महकमों के अफसरों के साथ हो रहा है।

यह खुलासा अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड अधीक्षण अभियंता राजसमंद द्वारा जिला परिषद सीईओ को भेजी रिपोर्ट में हुआ। रिपोर्ट में मुताबिक अपे्रल 2018 से फरवरी 19 तक जिले के ग्रामीण क्षेत्र से 150 विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी हो गए। इस पर विद्युत निगम के कनिष्ठ अभियंता द्वारा संबंधित पुलिस थानो में रिपोर्ट दी गई, मगर कई पुलिस थानों द्वारा एफआईआर दर्ज करने की बजाय वापस लौटा दिया। इसके चलते जिले में 1 मार्च तक 111 ट्रांसफार्मर चोरी के ही प्रकरण दर्ज हो पाए, जबकि 39 प्रकरण दर्ज नहीं हो पाए। इस कारण न सिर्फ विद्युत निगम मुख्यालय से नया ट्रांसफार्मर जिले को आवंटित ही नहीं होता है। क्योंकि एफआईआर नम्बर के आधार पर ही नया ट्रांसफार्मर मिलता है। इसका खमियाजा क्षेत्रीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

एसपी की फटकार, एक साथ 39 एफआईआर
पिछले छह माह की समयावधि में चोरी हुए विद्युत ट्रांसफार्मर की एफआईआर थानों में दर्ज नहीं हुई। नया ट्रांसफार्मर समय पर लगने की शिकायत करते हुए जिला परिषद सदस्य नंदलाल सिंघवी ने 28 अगस्त 18 को जिला परिषद की साधारण सभा में विद्युत निगम से चोरी व दर्ज एफआईआर की रिपोर्ट मांगी। इस पर विद्युत निगम अधीक्षण अभियंता ने भेजी रिपोर्ट में बताया कि 150 में से सिर्फ 111 प्रकरण ही दर्ज हुए। 28 फरवरी को हुई बैठक में रेलमगरा थाने में 42 ट्रांसफार्मर चोरी हुए, मगर एफआईआर सिर्फ 6 की ही दर्ज हुई। इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने पुलिस के साथ निगम अभियंता के प्रति असंतोष जताया। एसपी भुवन भूषण यादव की फटकार के बाद रेलमगरा के साथ सभी थाना पुलिस ने एक साथ 39 एफआईआर दर्ज कर ली।

अब दर्ज की एफआईआर
थाना पुलिस द्वारा बोला जाता है कि दस ट्रांसफार्मर चोरी होंगे, तभी एफआईआर दर्ज होगी। इस वजह से नया ट्रांसफार्मर मुख्यालय से नहीं आ पाता। पुलिस अधीक्षक की दखल से सभी थानों में एक साथ 39 ट्रांसफार्मर चोरी की एफआईआर दर्ज हुई।
केएल तिवारी, अधिशासी अभियंता अजमेर विद्युत वितरण निगम राजसमंद

Published on:
06 Mar 2019 09:20 am