राजसमंद

धूलण्डी के दिन पत्नी की हत्या, 13 दिन बाद खुद पति ने दर्ज कराई गुमशुदगी, 73 दिन बाद गिरफ्तार

ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश : गांव के दूसरे युवक से मोबाइल पर बात करने को लेकर हुआ था झगड़ा, पत्रिका न्यूज नेटवर्क
2 min read
rj2134.jpg

राजसमंद. विवाहेत्तर सम्बंधों की आशंका पर इस साल धूलण्डी के दिन पति ने ही उसकी पत्नी को गला दबाकर मार डाला था। बाद में साड़ी से पत्थर बांधकर कुएं में धकेल दिया था। मामला राजनगर थाना क्षेत्र के डिंगारिया का है।
गत 5 मई को लालूराम (40) पुत्र माधुजी भील निवासी जीवाखेड़ा (नाथद्वारा) ने पेश रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री प्रेमी का नाता विवाह भंवरलाल पुत्र केशुलाल गमेती निवासी डिंगारिया से करवाया था। गत 7 मार्च को उसकी बेटी प्रेमी डिंगारिया से कहीं चली गई। ससुराल वालों ने राजनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। 5 मई को डिंगारिया के पास जंगल में सूनसान कुएं में मिली लाश को आर.के. हॉस्पीटल में रखवाने की सूचना मिली। इस पर प्रार्थी अपनी पत्नी कंकू व कुछ मौतबीरों को लेकर आर. के. हॉस्पीटल पहुंचे। वहां ससुराल पक्ष के लोग भी पहुंचे। लाश पुरानी होने से हुलिया बिगड़ चुका था। कपड़े, गहने व नेल पॉलिश से अंग्रेजी में लिखा एम देखकर उसकी शिनाख्त की। उसकी गर्दन में साड़ी का फंदा लगा था। साड़ी के एक सिरे पर पत्थर का टुकड़ा बंधा था। हालात देखकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी हत्या करने व लाश कुएं में फेंकने की आशंका हुई।

मारकर खुद ही दी गुमशुदगी की रिपोर्ट
पूछताछ के दौरान भंवरलाल ने पूरी वारदात उगल दी। उसने बताया कि 7 मार्च को धूलण्डी के दिन पत्नी प्रेमी का गला दबाया व साड़ी से पत्थर बांधकर कुएं में डाल दिया। उसने बताया कि प्रेमी किसी अन्य का मोबाइल लेकर बातें कर रही थी, जिसका ससुराल वालों को पता चलने पर टोका व डांटा। इससे नाराज होकर वह बीड़े की तरफ चली गई। बाद में घर आए पति को सबने यह बात बताई तो भंवरलाल ढूंढते हुए बीड़े में पहुुंचा। वहां उसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ और वारदात अंजाम दे दी। हत्या के बाद भंवरलाल एक घण्टे तक कुएं के पास ही सोया रहा। घर आकर परिजनों को उसके लापता होने की सूचना देता है और 20 मार्च को वह खुद पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट राजनगर थाने पर दर्ज करा देता है।

...पति पर आया शक
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाधिकारी डॉ. हनवन्त सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में गठित पुलिस ने परम्परागत और मनोवैज्ञानिक ढंग से मृतका प्रेमी देवी के पति भंवरलाल (22) पुत्र केसूलाल गमेती निवासी डिंगारिया-पुनावली की भूमिका को संदिग्ध लगने पर डिटेन किया व पूछताछ शुरू की।

Published on:
20 May 2023 10:13 pm