- करगिल की जंग में दिखाया था पराक्रम, राजसमंद के पिपलांत्री पहुंचकर पत्रिका से की बातचीत
राजसमंद. परमवीर चक्र विजेता ग्रेनेडियर कैप्टन योगेन्द्र सिंह यादव ने यहां पत्रिका से विशेष बातचीत में कहा कि भारत के दुश्मन पाकिस्तान और चीन दोनों की है। दोनों में तुलना नहीं की जा सकती है। दुश्मन तो दुश्मन ही होता है। इसमें चीन विकसित देश है और पाकिस्तान हिन्दुस्तान की तरह विकासशील है। पाकिस्तान हमारे देश की तरक्की को देखकर जलता है। उसने हमेशा आतंकवाद के बीज बोए हैं और उसी पर पैसा खर्च किया, जबकि हिन्दुस्तान ने टेक्नोलॉजी और यूथ की स्किल पर पैसा खर्च किया है। भारत का युवा ही देश को आज बुलंदी पर पहुंचा रहा है।
उन्होंने कहा कि समय से साथ टेक्नोलॉजी बदली है। दुनिया के साथ कंधे से कंधे और कदम से कदम मिलाकर तकनीकी अपनाकर हमारी सेना विश्व की सेनाओं में अग्रिम पंक्ति में आकर खड़ी हो गई है। उन्होंने कहा कि हम नए हथियारों से सुजज्जित हैं। नई ट्रेनिंग से प्रशिक्षित हो चुके हैं। भारत देश की सेना किसी भी मुकाबले और चुनौती को पार करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकारें भी सेना के साथ कंधे से कंधा मिलकर उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में जुटी है।
ग्रेनेडियर यादव ने युवाओं का संदेश देते हुए कहा कि मोबाइल का एक हद तक उपयोग करना चाहिए। यह जानकारी प्राप्त करने का साधन है इसका दुरूपयोग नहीं होना चाहिए। इसका सही उपयोग करेंगे तो इससे बुद्धिमत्ता विकसित होगी और यह एनर्जी राष्ट्र के उत्थान में लगनी चाहिए। इससे ही हम जल्द से जल्द सुपर पावर बन सकते हैं।