
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली आमजन से संवाद करते हुए, पत्रिका फोटो
Mewar Politics Update: मेवाड़ की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई, जब नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केलवाड़ा स्थित परशुराम वाटिका में जनसुनवाई कर सीधे आमजन से संवाद साधा। जनसुनवाई का यह मंच केवल समस्याएं सुनने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यहां से सत्तारूढ़ सरकार पर तीखा राजनीतिक प्रहार भी देखने को मिला।
जूली ने मौजूदा भजनलाल सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार प्रेम का दीया जलाकर भजन करने में व्यस्त है, जबकि प्रदेश की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी मुद्दों से कट चुकी है और जनभावनाओं की अनदेखी कर रही है। प्रदेश में आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर जमीनी स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों ने खुलकर अपनी पीड़ा सामने रखी। केलवाड़ा के लाखेला तालाब में होटलों का गंदा पानी गिरने और सीवरेज लाइन की बदहाल व्यवस्था को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश नजर आया। वहीं रोडवेज बसों के संचालन को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए।
इस पर जुली ने मौके से ही विकास अधिकारी मांगीलाल गुर्जर को फोन कर मामले में त्वरित कार्रवाई और रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए, जिससे यह संदेश देने की कोशिश की कि विपक्ष जनता के मुद्दों पर सक्रिय है।
इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को ठेकेदार द्वारा कम वेतन दिए जाने का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा, इसे श्रमिक शोषण का उदाहरण बताते हुए सरकार पर निशाना साधा गया। चारभुजा सीएससी भवन के उद्घाटन सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को भी जनहित से जोड़कर प्रमुखता दी गई।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने लोगों को भरोसा दिलाया कि कुंभलगढ़ क्षेत्र की इन ज्वलंत समस्याओं को विधानसभा सत्र में मजबूती से उठाया जाएगा और सरकार को जवाब देने के लिए बाध्य किया जाएगा। इस दौरान पूर्व विधायक गणेश सिंह परमार ने उनका स्वागत किया, जबकि योगेंद्र सिंह परमार ने क्षेत्र की समस्याओं को विस्तार से रखा। कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, इससे साफ संकेत मिला कि आगामी समय में इन मुद्दों को लेकर क्षेत्रीय राजनीति और अधिक गरमाने वाली है।
Updated on:
27 Apr 2026 10:06 am
Published on:
27 Apr 2026 10:05 am
बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
