
प्रभु श्रीनाथजी की नगरी में अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका के द्वारा अनदेखी के चलते शहर में विभिन्न जगहों पर बढ़ते अतिक्रमण काे लेकर नगर पालिका की उदासीनता के चलते समाधान होना तो दूर अतिक्रमण लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं।
शहर के केशव कॉम्पलेक्स क्षेत्र में पूर्व से ही अतिक्रमण के कारण रास्ता काफी संकड़ा है, जिसके बावजूद अतिक्रमण बढ़ते जा रहे हैं। यहां पर कई ठेले सहित कई अस्थायी दुकानें मुख्य मार्ग पर दुकानों के आगे ही लगा दिए गए हैं। वहीं, कई बार तो वाहन आदि भी खडे कर दिए जाते हैं, जिससे मार्ग और भी संकड़ा होने से यहां अक्सर यातायात बाधित हो जाता है। इसकी मुख्य वजह लंबी सड़क से केशव कॉम्पलेक्स के बीच बोटल नेक जैसे हालात होना है, जिससे यहां की समस्या और अधिक बढ़ जाती है। यहां पर अहिल्या कुंड लाल बाजार की ओर से आने वाले साधन एवं लंबी सड़क क्षेत्र की ओर से भी वनवे की वजह से चारपहिया वाहन आदि आते हैं। इसके चलते बोटल नेक पर आए दिन मार्ग अवरूद्ध हो जाता है। इसके चलते दुपहिया वाहन एवं यहां तक की पैदल राहगीर भी कई बार परेशान हो जाते हैं। इतनी गंभीर समस्या होने के बाद भी न तो नगर पालिका और न ही स्थानीय प्रशासन की ओर से इस पर ध्यान दिया जा रहा है। जबकि, जल्द ही इस समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया तो शहर में बढते यातायात के दबाव के चलते यहां पर िस्थति और भी गंभीर हो जाएगी।
इस समस्या के साथ ही नगर पालिका की ओर से पानी को लेकर स्थापित की जाने वाली यूनिट के लिए भी केशव कॉम्पलेक्स की दुकानों के बाहर ही पक्का निर्माण कर चबूतरा बनवा दिया गया है। ऐसे में यह मार्ग और भी संकड़ा हो गया है। इस चबूतरे की आड़ मिलने सभी अब यहां कभी कोई ठेले वाला खड़ा हो जाता है तो कोई सब्जी वाला आदि इसकी आड़ में खड़ा रहने लगा है। ऐसे में दुकानदारों ने भी प्रशासन की इस नीति को गलत एवं अतिक्रमण को बढ़ावा देने वाली बताया है। इसको लेकर व्यापारियों क्षेत्रवासियों ने पानी की यूनिट को अन्यत्र स्थापित करने और यहां पूर्व से हो रहे अतिक्रमण पर भी गंभीरता दिखाते हुए कार्यवाही करने की मांग की है।