राजसमंद

हाइवे पर छह ब्लैक स्पॉट, रोड सेफ्टी ऑडिट नहीं होना खतरनाक

जिला यातायात प्रबन्धन समिति की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय, डीटीओ ने रखी हाइवे पर हादसों की खतरनाक स्थिति की रिपोर्ट  
2 min read
Rajsamand Hindi news,Rajsamand local news,
हाइवे पर छह ब्लैक स्पॉट, रोड सेफ्टी ऑडिट नहीं होना खतरनाक

राजसमन्द. जिला यातायात प्रबन्धन समिति की शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला कलक्टर अरविन्द कुमार पोसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यातायात समस्याओं पर विचार कर व्यापक सुधार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कलक्टर पोसवाल ने सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, हर स्तर पर गंभीर उपाय सुनिश्चित करने, घाट व मोड़ सेक्शन पर सड़कों को सुधारने, सड़कों के दोनों तरफ झाडिय़ां हटाने, नाथद्वारा से खमनोर तथा अन्य क्षेत्रों में सड़कों पर ओवरलोडिंग वाहनों से गिरी स्लरी एवं धूल-मिट्टी हटवाने, सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की गहन पड़ताल करने, पेचवर्क करने के निर्देश दिए। जिला परिवहन अधिकारी अनिल पण्ड्या ने नेशनल हाइवे पर 6 ब्लेक स्पॉट के बारे में बताते हुए डार्क जोन की रोड सेफ्टी ऑडिट कराने पर जोर दिया।


बाल वाहिनियों के संचालन पर रखें पैनी नजऱ
कलक्टर ने नाथद्वारा, राजसमन्द तथा अन्य क्षेत्रों में स्कूली बसों के संचालन पर पैनी नजऱ रखने को कहा। बताया कि स्कूल संचालकों एवं प्रबन्धकों की पृथक से बैठक बुलाकर हिदायतें दी जानी चाहिए कि स्कूल बस के वाहन चाहन ड्राइविंग के वक्त मोबाइल न चलाएं, बसें फिटनेस के अनुरूप हों, जाम की समस्या के मद्देनजर शहर की घनी बस्तियों के लिए छोटी स्कूल बसों को बढ़ावा दें, ओवरलोडिंग खत्म करें व अनुपयुक्त वाहन हटाएं। बाल वाहिनियों एवं दूसरे वाहनों द्वारा स्कूल समय के अलावा प्राइवेट रू्ट्स पर संचालन पर पाबंदी के निर्देश दिए।


हाइवे से धूल हटवाएं, शहर में अतिक्रमण हटाएं
कलक्टर ने अगली बैठकों में नेशनल हाइवे तथा आरएसआरडीसी के अधिकारियों की अनिवार्य मौजूदगी सुनिश्चित करने, कांकरोली से नाथद्वारा हाइवे पर बिखरी धूल व अतिक्रमण हटाने, शहर में सड़कों पर अतिक्रमण हटाने तथा चार दिन में लाइनिंग करने के निर्देश नगर परिषद को दिए। उन्होंने शहर में लाइसेंस व बीमा बगैर ऑटो चलाने वाले तथा नशेड़ी ऑटो चालकों के खिलाफ इसी सप्ताह कार्रवाई के निर्देश दिए।


'अनन्ता' के बाहर हाईमॉस्ट लाइट जरूरी नहीं
नाथद्वारा-उदयपुर मार्ग पर अनन्ता अस्पताल के बाहर हाई मॉस्टक लाइट लगाने को औचित्यहीन बताते हुए कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अनन्ता अपनी ओर से सर्विस रोड निकलवाने के लिए प्रयास करें। नेशनल हाइवे से सम्पर्क करें। पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने कहा कि पुलिस एवं परिवहन विभाग मिलकर ठोस कार्रवाई करेंगे। सड़क सुरक्षा सप्ताह की गतिविधियों में भागीदारी का आह्वान भी किया।


शहरवासियों ने रखे मुद्दे
बैठक में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नाथद्वारा में ऑटो स्टैण्ड की बेहतर व्यवस्था करने, राजसमन्द में द्वारकाधीश मन्दिर आने-जाने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, यातायात दबाव को सुधारने, ऑटो संचालन के लिए शहर और गांव में सीमाएं तय करने, लालबाग, गुंजोल, बड़ारड़ा, पीपरड़ा, नाथूवास आदि क्षेत्रों में यातायात दबाव में सुधार, हाइवे पर संकेतक लगाने, शहर की पेराफेरी का दस किमी तक विस्तार पर विचार रखे। बैठक में एसडीएम सुरेशकुमार खटीक सहित विभिन्न अधिकारी व संस्था पदाधिकारी उपस्थित थे।

Published on:
08 Feb 2019 10:20 pm