राजसमंद

सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा थीम पर सप्ताह का आगाज

रैली निकालकर किया जागरुक
2 min read
Rajsamand news,Rajsamand Hindi news,Rajsamand local news,rajsamand latest news,rajsamand latest hindi news,
सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा थीम पर सप्ताह का आगाज

अश्वनी प्रतापसिंह राजसमंद. 'सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षाÓ की थीम पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का सोमवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम राजसमन्द सूचना केन्द्र, जिला परिवहन विभाग, पुलिस व अन्य विभागों के तत्वावधान में हो रहा है। समारोह के जिला पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता जिला परिवहन अधिकारी अनिल कुमार पण्ड्या ने की। विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गसिंह, विभिन्न वाहन संगठनों के पदाधिकारी सत्येन्द्र सेन, राजकुमार अग्रवाल एवं गिरवरसिंह उपस्थित थे।
पुलिस अधीक्षक यादव ने उपस्थित अतिथियों एवं संभागियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की पालना से संंबंधित शपथ दिलायी। उन्होंने कहा कि हमारी सभी की सम्मिलित प्राथमिकता यही है कि सड़क दुर्घटनाओं में निरन्तर कमी लाई जाए। इसके लिए यह जरूरी है कि हम सभी सड़क सुरक्षा को अपनी आदत में लाएं तथा इसके बारे में व्यापक प्रचार.प्रसार के साथ समझाइश करें। राजकुमार दक ने वाहन संचालन के समय मोबाइल के प्रयोग से बचने पर जोर दिया। समारोह का संचालन चावली चौधरी ने किया।

जागरुकता रैली में गूंजा सड़क सुरक्षा का संदेश
परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा सप्ताह के अन्तर्गत निकाली गई जागरुकता रैली ने शहर में सड़क सुरक्षा का संदेश गुंजाया और जन-जन को सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। कांकरोली स्थित बालकृष्ण स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश देवेन्द्र जोशी, जिला पुलिस अधीक्षक यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश कुमार, विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नरेन्द्र कुमार व जिला परिवहन अधिकारी अनिल कुमार पण्ड्या ने हरी झण्डी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। रैली कांकरोली बस स्टैण्ड, जल चक्की, पुरानी कलक्ट्री, जिला परिषद आदि क्षेत्रों से होती हुई सूचना केन्द्र पहुंचकर सम्पन्न हुई। इसमें स्कूली बैण्ड, पुलिस बैण्ड की धुनों पर विद्यार्थियों, पुलिस व ट्राफिक के जवानों, दुपहिया, तिपहिया वाहनों को शामिल किया गया।


लगी प्रदर्शनी
सप्ताह के अन्तर्गत जिला परिवहन कार्यालय की ओर से राजसमन्द सूचना केन्द्र में लगाई गई 7 दिवसीय प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन भी किया गया। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की।

Published on:
04 Feb 2019 08:51 pm