राजसमंद

बेटा पहाड़ी पर लेता है थम्ब इंप्रेशन, पिता दुकान से देते हैं राशन अजब समस्या

नेटवर्क के अभाव में दुकान से चार किमी का फेरा, चढऩी पड़ती है पहाड़ीपारड़ी में पिछले तीन माह से ज्यादा है समस्या
2 min read
Rajsamand news,Rajsamand Hindi news,rajsamand latest hindi news,
बेटा पहाड़ी पर लेता है थम्ब इंप्रेशन, पिता दुकान से देते हैं राशन अजब समस्या

मोहित माहेश्वरी @ देवगढ़. तहसील क्षेत्र के पारड़ी गांव में तीन माह से टावर खराब होने से गांव में नेटवर्क की दिक्कत के कारण ग्रामीणों को राशन की सामग्री लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पारड़ी गांव में मोबाइल नेटवर्क के टावर में खराबी के कारण ग्रामीणों को रसद सामग्री लेने के लिए चार किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ रहा है। साथ ही पहाड़ी पर भी चढऩा पड़ता है। पोस मशीन में नेटवर्क की समस्या के कारण दुकान पर उपभोक्ता के थम्ब इंप्रेशन नहीं आ पाते हैं। बिना पोस मशीन में एन्ट्री रसद सामग्री नहीं दी जा सकती। इसके कारण डीलर मशीन लेकर चार किलोमीटर दूर एक पहाड़ी पर जाता है, जहां पर भी काफी जद्दोजहद से नेटवर्क मिल पाता है। ऐसे में राशन लेने वाले ग्रामीण पहले दुकान पर पहुंचते हैं। वहां से दुकानदार उन्हें चार किलोमीटर दूरी पर स्थित पहाड़ी पर पोस मशीन में थम्ब इंप्रेशन के लिए भेजता है। पहाड़ी पर रसद विके्रता का पुत्र पोस मशीन लेकर बैठा रहता है, जहां उपभोक्ताओं के पहुंचने पर वह पोश मशीन में थम्ब इंप्रेशन लेकर उन्हें इसकी पर्ची देता है। इसके बाद उपभोक्ता पहाड़ी से उतरकर वापस चार किमी दूर उचित मूल्य की दुकान पर जाकर मशीन की पर्ची दिखाता है, जिस पर उसे रसद सामग्री दी जाती है। ऐसे में उपभोक्ता को करीब आठ किलोमीटर का चक्कर लगाने और पहाड़ी पर चढऩे के बाद ही राशन सामग्री मिल पाती है।


कई बार पहाड़ी पर भी समस्या
डीलर अंबालाल दाधीच ने बताया कि पिछले तीन माह से नेटवर्क की समस्या है। वहीं कभी- कभी तो पहाड़ी पर भी लम्बे समय तक नेटवर्क नहीं आता, जिससे काफी इंतजार करना पड़ता है।


निकालेंगे समाधान
इस तरह की परेशानी कई जगह है। सभी स्थानों की सूची बनाई जा रही हैं, उसके बाद ही कुछ समाधान निकाला जायेगा।
केआर चौहान, उपखण्ड अधिकारी, देवगढ़

Published on:
09 Feb 2019 12:14 pm