
राजसमंद. राजसमंद के पीपली डोडियान में जलदाय विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां विभाग ने महीनों से टंकी की सफाई नहीं करवाई है, जिससे पानी में बड़े-बड़े जीवजन्तु मरे पड़े हैं, लेकिन शिकायत के बाद भी विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा। नियमानुसार छह माह में टंकी की सफाई करनी होती है, लेकिन समय सीमा छुपाने के लिए विभाग ने टंकी पर तारीख तक अंकित नहीं करवाई है, जिससे विभाग की विश्वस्नीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
एक साल पूर्व गांव वालों ने की थी सफाई
ग्रामीणों का कहना है कि सालभर पूर्व उन्होंने ही टंकी की सफाई की थी, उसके बाद एक साल बीत गया लेकिन विभाग ने अभीतक इसकी सुध नहीं ली। जबकि छह माह में टंकी साफ करवाने का नियम होता है। टंकी साफ करने के बाद उसमें सफाई तिथि और आगामी सफाई तिथि अंकित करनी होती है।
मरे पड़े हैं जीव-जन्तु
टंकी ऊपर से खुली है, जिसमें पक्षी व अन्य जीव-जन्तुु अंदर जाकर मर जाते हैं। वर्तमान में भी कई जीव-जन्तु उसमें मरे पड़े हैं। विभाग की ओर से किसी ने उसमें दवा का छिडक़ाव तक नहीं किया है। जिससे पानी में बदबू आती है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे वह बीमारी का शिकार भी हो रहे हैं।
टंकी में मरे जीव-जन्तु हैं, पानी से बदबू आती है। पानी सप्लाई करने वाले से अशुद्ध पानी देने के लिए मना कर दिया था। उससे कहा था जब टंकी साफ हो जाए तभी पानी दे, लेकिन उसके बाद भी किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। सुरेश गाडरी, ग्रामीण
जब पानी बदबू मारने लगा तो टंकी के अंदर देखा तो कई जहरीले जीव मरे पड़े थे। इससे पानी पूरी तरह जहरीला हो गया है। लेकिन इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है।
रूपलाल, ग्रामीण
एक साल पूर्व ग्रामीणों ने ही सफाई करवाई थी, पानी बदबूदार आ रहा है, जांच के लिए विभाग को अवगत कराया, लेकिन विभाग ने अबतक इसकी जांच तक नहीं करवाई। कालूलाल, ग्रामीण