राजसमंद

मावली जं. से मारवाड़ जं. रेल खण्ड पर ब्रॉडगेज रेल लाइन के लिए लेवलिंग सर्वे शुरू

-टीम पहुंची कामलीघाट रेलवे स्टेशन, 2017-18 के बजट में हुई थी घोषणा
2 min read
rajsamand news
मावली जं. से मारवाड़ जं. रेल खण्ड पर ब्रॉडगेज रेल लाइन के लिए लेवलिंग सर्वे शुरू

देवगढ़. मावली-मारवाड़ रेल लाइन के आमान परिवर्तन के लिए लेवलिंग सर्वे का कार्य शुरू हो चुका है। इसको लेकर सर्वे टीम सोमवार को कामलीघाट स्टेशन पहुंची और सर्वे किया।
उत्तर-पश्चिम रेलवे जोन के अंतर्गत अजमेर मण्डल में आने वाले मावली-मारवाड़ मीटर गेज के ट्रेक को ब्रॉडगेज में बदलने की घोषणा के बाद लेवल सर्वे का काम मारवाड़ जंक्शन से शुरू किया गया। इसके तहत सर्वे टीम सर्वे करते हुए सोमवार को कामलीघाट पहुंची। कामलीघाट रेलवे स्टेशन से पुरानी मीटर गेज लाइन पर सर्वे करने के दौरान टीम के सुजीतबल ने बताया कि अरुण मण्डल के नेतृत्व में तीन टीमें अलग-अलग तरह के सर्वे कार्य मे जुटी हुई है। पहली टीम लेवल का कार्य, दूसरी टीम डिटेल एवं तीसरी टीम जीपीएस सिस्टम का कार्य कर रही है।

सर्वे में ब्रॉडगेज लाइन के अंतर्गत आने वाली रेलवे एवं अन्य जमीनों का कार्य भी देखेगी। इसमें पता चलेगा कि कितनी जमीन रेलवे की है और कितनी जमीन के अधिग्रहण की आवश्यकता है। यहां से टीम सर्वे करती हुई मावली की ओर जाएगी और सर्वे पूरा होने के बाद रिपोर्ट तैयार कर रेलवे को सौंपी जाएगी। इस रिपोर्ट के मिलने के बाद रेलवे द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि मेवाड़ को मारवाड़ से ब्रॉडगेज लाइन से जोडऩे की बरसों पुरानी मांग को केन्द्र सरकार ने मंजूर करते हुए वर्ष 2017-18 के रेल बजट में करीब 16 सौ करोड़ रुपए का प्रावधान किया था। इसमें 152 किलोमीटर की लाइन को ब्रॉडगेज में तब्दिल किया जाना है।

मावली-मारवाड़ रेल अब 14 अगस्त तक चलेगी
देवगढ़. उत्तर-पश्चिम रेलवे ने मावली जंक्शन से मारवाड़ जंक्शन के बीच चलने वाली मीटर गेज की (अप-डाउन) स्पेशल रेल सेवा के संचालन को 45 दिन के लिए बढ़ा दिया है। अब यह रेल 14 अगस्त तक चलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने मावली-मारवाड़ जंक्शन के मीटर गेज मार्ग पर संचालित दो अप-डाउन ट्रेनों में से एक ट्रेन का संचालन गत 28 अप्रेल को बंद कर दिया था। इसको लेकर राजस्थान पत्रिका की ओर से ‘अच्छे दिनों में गुम रेल’ शीर्षक के साथ लगातार अभियान के रूप में खबरों का प्रकाशन कर रेल के बंद होने से जनता को हो रही असुविधाओं को प्रमुखता से उठाया था। इस पर रेलवे ने बंद की रेल का संचालन फिर से शुरू कर 45 फेरे स्वीकृत किए थे। ऐसे में स्पेशल रेल का संचालन 1 जुलाई से बन्द होना था। इसको लेकर क्षेत्रवासियों की मांग और समस्या पर राजस्थान पत्रिका ने 22 जून के अंक में ‘30 जून से फिर बन्द होगी एक ट्रेन, मुसाफिर चिंतित’ एवं 28 जून के अंक में ‘बारिश में नहीं देख पाएंगे गोरमघाट की वादियां’ शीर्षक के साथ समाचार प्रकाशित किया था।
इन समाचारों के माध्यम से रेल सेवा के बंद होने पर जिले की जनता को होने वाली परेशानियों प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद 29 जून को रेलवे विभाग की ओर से एक सूचना जारी हुई, जिसमें इस स्पेशल रेल की अवधि को 14 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। हालांकि, क्षेत्र की जनता की मांग है कि इस रेल सेवा का संचालन ब्रॉडगेज का काम शुरू होने तक पूर्ववत समय के अनुसार ही किया जाए।

Published on:
03 Jul 2018 12:06 pm